Saturday, March 7, 2026
Homeराष्ट्रीययोगी कैबिनेट ने जेल मैन्युअल में किया बदलाव, महिला बंदी पहन सकेंगी...

योगी कैबिनेट ने जेल मैन्युअल में किया बदलाव, महिला बंदी पहन सकेंगी मंगलसूत्र

-प्रतापगढ़ जिले में मांधाता नगर पंचायत का होगा गठन

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी कैबिनेट ने जेल मैन्युअल में बड़ा बदलाव कर दिया है। इसके तहत महिला बंदी अब जेलों में मंगलसूत्र पहन सकेंगी। बच्चों के जन्म पर उनका नामकरण संस्कार भी हो सकेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को लोक भवन में कैबिनेट बैठक हुई, जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किये गये। योगी कैबिनेट ने वर्ष 1941 में बने जेल मैन्युअल में बड़े बदलाव वाले प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। महिला बंदियों के पहनावे में बदलाव किया गया है। वहीं बंदियों के खानपान और महिला बंदियों के बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था जैसे कई बदलाव किए गए हैं।

नये बदलाव के तहत अब उत्तर प्रदेश की जेलों में अंग्रेज और राजा रजवाड़ों से जुड़ी सारी व्यवस्थाएं खत्म कर दी गई हैं। वहां व्रत और रमजान के समय रोजा की भी व्यवस्था रहेगी। कैंटीन खोली जाएगी। एक जिला एक उत्पाद के काउंटर भी खुलेंगे। महिलाओं के लिए हाइजीन से जुड़ी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जेलों में हाई सिक्योरिटी व्यवस्था स्थापित होगी।

कैबिनेट बैठक में डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की नई पॉलिसी, नगर विकास के विभिन्न प्रस्ताव समेत कुकरैल में नाइट सफारी पार्क संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है।

बिजली विभाग की तीन कंपनियां मर्ज कर बनेगी एक कंपनी

बैठक के निर्णयों की जानकारी देते हुए ऊर्जा मंत्री अरविन्द शर्मा ने बताया कि तीन कंपनियों को मर्ज कर एक कंपनी बनाया जाएगा। पहली कंपनी राज्य उत्पादन विद्युत निगम, जल विद्युत उत्पादन निगम, जवाहर विद्युत उत्पादन निगम हैं। ये तीनों अब एक कंपनी के रूप में कार्य करेंगी। यूपी राज्य उत्पादन विद्युत निगम के नाम से यह नयी कंपनी होगी।

प्रतापगढ़ का मांधाता बाजार बनेगा नगर पंचायत

कैबिनेट के फैसले के अनुसार प्रतापगढ़ जिले में मंधाता बाजार में नयी नगर पंचायत का गठन होगा। जौनपुर में नगर पालिका परिषद मुंगरा बादशाहपुर का विस्तार किए जाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया है।

कुकरैल वन क्षेत्र में होगा लायन सफारी का निर्माण

पर्यटन मन्त्री जयवीर सिंह ने बताया कि कुकरैल वन क्षेत्र में साढ़े तीन सौ एकड़ में लायन सफारी का निर्माण किया जाएगा। इसी लायन सफारी में चिड़ियाघर को शिफ्ट किया जाएगा। कुकरैल नदी पर रिवरफ्रंट का विकास किया जाएगा।

दिलीप/ पीएन द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular