Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयोगी के मंत्री अनिल राजभर का ओपी राजभर पर बड़ा हमला

योगी के मंत्री अनिल राजभर का ओपी राजभर पर बड़ा हमला

-मंत्री का दावा, पूर्वांचल में ही सपा-सुभासपा गठबंधन की हवा निकाल देगा राजभर समाज

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री अनिल राजभर ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पर बड़ा हमला बोला है। भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय पर बड़ी संख्या में राजभर समाज के नेताओं के पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के अवसर पर अनिल राजभर ने नाम लिए बगैर कहा कि उन्होंने समाज की भलाई और अपने महापुरुषों को सम्मान दिलाने की बात कर पार्टी बनाई थी। बाद में उन्होंने अपने उन संकल्पों को भुला दिया। उन पर स्वार्थ इतना हावी हो गया कि उन्होंने हमारे महापुरुष महाराजा सुहेलदेव के हत्यारों के साथ ही हाथ मिला लिया। राजभर समाज उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।

मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि हिन्दू और हिन्दुस्थान के सिरमौर महाराजा सुहेलदेव ने जिसके खिलाफ जंग लड़ी, उस विदेशी आक्रांता गाजी की मजार पर चादर चढ़ाने वह बहराइच पहुंच गये। उनके इस कदम से समाज के लोग आहत हैं। इसलिए हमने उनका(ओम प्रकाश राजभर) नाम बदल कर असलम राजभर कर दिया है। मंत्री ने कहा कि मैंने उनका बयान सुना था। वह कह रहे थे कि वह मण्डली के जोकर हैं। वह जोकर बनकर मनोरंजन करें या नाचकर, मुझे कोई ऐतराज नहीं।

भाजपा नेता ने पार्टी नेतृत्व को आश्वस्त किया कि राजभर समाज का एक-एक बच्चा राष्ट्र के प्रति समर्पित होने को तैयार है। उन्होंने समाज के लोगों से कहा कि भाजपा में लोकतंत्र है। यहां आज सबसे पीछे बैठा व्यक्ति कल प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। दूसरी पार्टियों में ऐसा सम्भव नहीं है। सपा, कांग्रेस और बसपा में तय है कि अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा। योगी के मंत्री ने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में कभी किसी राजनीतिक दल ने राजभर समाज के लोगों को आगे नहीं किया। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा ने गरीब परिवार से आने वाले सकलदीप राजभर को राज्यसभा भेजा। सब्जी बेचने वाले के बेटे विजय राजभर को विधायक बनाने का काम भाजपा ने ही किया। भाजपा शासन में आज राजभर समाज का नेतृत्व दिखाई दे रहा है।

कहा कि पार्टी नेतृत्व इशारा भर कर दे, हम उन्हें बता देंगे कि समाज के कितने लोग उनके साथ खड़े हैं। वह (ओमप्रकाश राजभर) हमें राजनीति में बच्चा कहते हैं। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में कहा था कि पूर्वांचल में भाजपा को दो सीटों से ज्यादा मिलेंगी तो राजनीति छोड़ दूंगा। चुनाव परिणाम सबके सामने है। अनिल राजभर ने कहा कि 2022 में यदि आपको घर न बैठा दिया तो आप कहिएगा कि राजनीति क्या चीज होती है। अभी भी आपको समझ नहीं आया कि बच्चा कौन है? इसलिए हम कहना चाहते हैं कि राजभर समाज का पूरा परिवार आज महाराजा सुहेलदेव के सम्मान के नाम पर भाजपा के साथ जुड़ रहा है।

कहा कि आजादी के 75 वर्ष के इतिहास में कभी कोई मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री नहीं हुआ जो राजभर समाज के बीच गया। उसकी चिंता की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब राम मंदिर निर्माण की नींव रखने आते हैं तो उस समय भी हम सबके गौरव महाराजा सुहेलदेव को नमन करना नहीं भूलते। अनिल राजभर ने कहा कि पार्टी नेतृत्व को आश्वस्त करना चाहते हैं कि हम सब मिलकर पूर्वांचल में ही उनके(सपा-सुभासपा) गठबंधन की हवा निकाल देंगे। इससे पहले बड़ी संख्या में राजभर समाज के लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी, योगी सरकार के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह, विधायक विजय राजभर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

दिलीप शुक्ला

RELATED ARTICLES

Most Popular