Monday, February 9, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयोगी आदित्यनाथ ने बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ के दरबार...

योगी आदित्यनाथ ने बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी

सीएम अब तक 92 बार काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कर चुके हैं

वाराणसी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ दरबार में पूजन-अर्चन किया। मुख्यमंत्री ने प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल होने से पहले काशी के दोनों बड़े मंदिरों में मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने षोडषोपचार विधि से श्री काशी विश्वनाथ का पूजन अर्चन किया। योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनने के बाद अब तक 92 बार विश्वनाथ दरबार में मत्था टेक चुके हैं। दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ धाम का अवलोकन किया और दुनिया भर से आने वाले आस्थावान सनातनधर्मियों के लिए की गयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने आगामी 13 दिसंबर को श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण की प्रथम वर्षगांठ पर यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

एंबुलेंस बस को सीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रुद्राक्ष अंतर्राष्ट्रीय सहयोग सम्मेलन ऑडिटोरियम से रविवार को मोतियाबिंद के रोगियों को इलाज के लिए चित्रकूट जाने के लिए एक एंबुलेंस बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बस रवाना करने से पूर्व सभी मरीजों को माला पहनाकर मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत करते हुए सकुशल आंख के ऑपरेशन की मंगल कामना की। प्रधानमंत्री के स्वस्थ दृष्टि समृद्धि काशी योजना के तहत श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट, जानकीकुंड चित्रकूट में इन सभी लोगों के मोतियाबिंद का इलाज होगा।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular