केंद्र सरकार ने एक मई से 18 साल और उससे ऊपर के लोगों के लिए टीकाकरण के तीसरे चरण में वैक्सीन लगाने का निर्णय लिया है। एक मई से इस चरण की शुरुआत होगी। इसके लिए राज्य सरकारों ने भी तैयारी शुरू कर दी है। इसी बीच उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने स्वदेशी वैक्सीन निर्माता दोनों कंपनियों को 50-50 लाख के डोज का ऑर्डर दिया है। इसकी जानकारी खुद मुख्यमंत्री ने ट्विटर के जरिए दी।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने ट्वीट करके कहा, ‘आगामी 1 मई से होने वाले टीकाकरण के लिए एक करोड़ वैक्सीन का आर्डर भेज दिया गया है। 50-50 लाख डोज का ऑर्डर दोनों स्वदेशी वैक्सीन (कोवीशील्ड और कोवैक्सीन) निर्माता कंपनियों को दिया गया है। इसके अतिरिक्त भारत सरकार द्वारा डोज उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।’
