लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के आसन्न चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने प्रदेश में चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा अध्यक्ष मायावती ने कार्यकर्ता और पदाधिकारियों से पार्टी की पिछली सरकारों के विकास कार्यों का जिक्र चुनाव प्रचार में करने का निर्देश दिया है। बसपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के एक छोर गाजीपुर से दूसरे छोर गाजियाबाद तक चुनाव प्रचार तेज किया है।
बस्ती के महादेवा विधानसभा क्षेत्र के बसपा उम्मीदवार एवं प्रभारी लक्ष्मीचंद्र खरवार पत्नी रुबी के साथ क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के कार्यकाल में किये गये कार्यों का प्रचार करने निकले। इस दौरान बसपा के मंडल एवं जिला पदाधिकारी भी उनके साथ निकले। गाजीपुर के जहुराबाद विधानसभा क्षेत्र के बसपा के प्रभारी एवं उम्मीदवार दूधनाथ उर्फ़ बुझारत राजभर अपने समर्थकों के साथ निकले। उन्होंने मायावती की 2012 से 2017 तक की सरकार के कार्यों में प्रदेश में हुये विकास कार्यों को लोगों के बीच खड़े होकर गिनाया।
लखनऊ में अभी तक घोषित किये गये उम्मीदवार अपने विधानसभा क्षेत्र में तेजी से चुनाव प्रचार कर रहे हैं। लखनऊ में मुस्लिम उम्मीदवारों की संख्या ज्यादा है। इस कारण मुस्लिम क्षेत्रों में बसपा के प्रचार ने तेजी पकड़ी है। गाजियाबाद, बागपत, मेरठ, अलीगढ़ जैसे जिलों में बसपा उम्मीदवारों के चुनाव-प्रचार में उतरने के बाद बसपा अध्यक्ष मायावती के कार्यक्रमों की मांग बढ़ गयी है। इसके लिए बसपा के प्रदेश मुख्यालय की ओर से कार्डिनेटरों को लगाया गया है।
शरद
