Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी विधानसभा चुनाव का परिणाम चौंकाने वाला होगा : सचिन पायलट

यूपी विधानसभा चुनाव का परिणाम चौंकाने वाला होगा : सचिन पायलट

वाराणसी (हि.स.)। राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के नेता सचिन पायलट ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का परिणाम चौंकाने वाला आएगा। प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी और बसपा धरातल पर नहीं है। कांग्रेस ही सिर्फ जन समस्याओं को लेकर पांच वर्षों तक प्रदेश में मुखर रही है और अपनी विपक्षी दल की भूमिका अच्छे से निभाई है।

सचिन पायलट ने बुधवार को विधानसभा चुनाव में पार्टी की तैयारियों को जाना और संभावित प्रत्याशियों के साथ बातचीत की। अंधरापुल स्थित एक होटल में पार्टी नेताओं के साथ बैठक के बाद मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि भले ही कांग्रेस तीस वर्षों से प्रदेश में सत्ता में नहीं है, लेकिन राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की अगुवाई में आमजन, महिलाओं, युवाओं, किसानों, पीड़ितों के हितों के लिए लगातार संघर्ष करती रही। जन समस्याओं के निस्तारण और पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़े रहने से आज प्रदेश में बेहतर विकल्प बन गई है। पायलट ने भाजपा की डबल इंजन की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बहुमत से बनी ये सरकार जिन मुद्दों को लेकर सत्ता में आई, सात साल तक हर तबका जिसने इस पार्टी पर विश्वास किया उसे धोखा दिया। किसानों की आय दुगुनी नहीं हुई। न तो लोगों के खाते में 15 लाख रुपये आये। कृषि उपकरणों का दाम बढ़ाकर इस सरकार ने किसानों का दर्द जरूर बढ़ा दिया।

किसान आंदोलन के बहाने केन्द्र और प्रदेश सरकार को घेरते हुए पायलट ने कहा कि किसानों की आमदनी घटकर 27 रुपये प्रतिदिन हो गयी है। पहले खाद डीएपी की बोरी 50 किलोग्राम की आती थी, अब 45 किलोग्राम की हो गई है। इस डबल इंजन सरकार ने उद्योगपतियों के लाखों करोड़ों रुपये कर्ज के माफ किए, लेकिन किसानों के नहीं। देश में किसानों पर कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है। खाद बीज कई गुना महंगा हो गया है। केंद्र में कांग्रेस-नीत यूपीए की तत्कालीन सरकार ने किसानों के 70 हजार करोड़ रुपये कर्ज के माफ किये थे। भाजपा सरकार ने देश की सार्वजनिक सम्पतियों को बेचने, विज्ञापन देने के अलावा कुछ नहीं किया।

प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए पायलट ने कहा कि कानून के दायरे से बाहर जाकर कार्य करने वाले अब 80 बनाम 20, मंदिर और मस्जिद, हिन्दू की बात करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि 2022 में उत्तर प्रदेश और 2024 में केन्द्र से भाजपा की विदाई तय है। बनारस जिले में कितनी सीटें जीतेंगे, के सवाल पर पायलट ने कहा कि यहां भी अच्छा परिणाम देखने को मिलेगा। हमारा चुनाव परिणाम भी चौंकाने वाला होगा। वार्ता में पूर्व विधायक अजय राय, ओमप्रकाश ओझा, इमरान खां आदि नेता मौजूद रहे।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular