Friday, February 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी में 24 घंटे में आठ नये मामले, कोविड के 159 सक्रिय...

यूपी में 24 घंटे में आठ नये मामले, कोविड के 159 सक्रिय मामले

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को निरन्तर सुदृढ़ बनाकर रखा जाए। प्रदेश में संक्रमण तेजी से कम हो रहा है लेकिन यह अभी समाप्त नहीं हुआ है। यह अतिरिक्त सतर्कता एवं सावधानी बरतने का समय है। उन्होंने कोविड प्रोटोकॉल का पूर्णतया पालन सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी बुधवार को यहां लोक भवन में उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे।

बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि पिछले 24 घण्टों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 08 नए मामले सामने आए हैं। इस अवधि में 23 व्यक्तियों को सफल उपचार के उपरान्त डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 159 है।

अलीगढ़, अमेठी, अमरोहा, औरैया, बागपत, बलिया, बलरामपुर, बाराबंकी, चन्दौली, चित्रकूट, फतेहपुर, गाजीपुर, गोण्डा, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, हाथरस, जालौन, कानपुर देहात, कासगंज, लखीमपुर खीरी, महोबा, मैनपुरी, मीरजापुर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, संतकबीर नगर, शामली, श्रावस्ती, सिद्धार्थ नगर, सीतापुर और उन्नाव में कोविड का एक भी मरीज नहीं है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर 98.8 प्रतिशत है। पिछले 24 घण्टे में प्रदेश में दो लाख 294 कोरोना टेस्ट किए गए। अब तक राज्य में सात करोड़ 83 लाख 43 हजार 284 कोविड टेस्ट हुए हैं।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि केन्द्र व राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में अब तक 459 ऑक्सीजन प्लाण्ट क्रियाशील हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने इन प्लाण्टों के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में तकनीशियनों का प्रशिक्षण कराकर उनकी तैनाती करने के निर्देश दिए। कहा कि शेष निर्माणाधीन ऑक्सीजन प्लाण्टों की स्थापना की कार्यवाही तेजी से की जाए।

मुख्यमंत्री ने आजमगढ़, सहारनपुर और अलीगढ़ में स्थापित हो रहे राज्य विश्वविद्यालयों के संचालन की कार्यवाही आगे बढ़ाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुलपति की नियमित नियुक्ति होने तक सम्बन्धित मण्डलायुक्त को कुलपति का प्रभार देकर अग्रेतर कार्यवाही प्रारम्भ की जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular