Thursday, March 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी में 12 हज़ार किलोमीटर की ''कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्राः हम वचन निभायेंगें'...

यूपी में 12 हज़ार किलोमीटर की ”कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्राः हम वचन निभायेंगें’ यात्रा निकालेगी कांग्रेस

प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने की संगठन और चुनावी तैयारियों की समीक्षा

लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश में कथित व्याप्त भ्रष्टाचार, महंगाई, बढ़ते अपराध जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर प्रदेश भर में ‘‘कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा‘‘ निकालेगी। पार्टी के अनुसार प्रदेश के चार क्षेत्रों में कुल 12000 किलोमीटर की यह यात्रा जनाक्रोश को स्वर देगी और जनता के बीच कांग्रेस के असल विकल्प होने का दावा पेश करेगी।

ये जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता सचिन रावत ने बताया कि उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के निर्देश पर पार्टी और उससे जुड़े संगठन हर स्तर पर खुद को मजबूत बनाने में जुटे हैं। आज प्रियंका गांधी ने प्रदेश कार्यालय पहुंचकर उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री. गोविन्द बल्लभ पंत की जयंती पर उनके चित्र पर मार्ल्यापण कर और परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद की शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ समीक्षा बैठकों की शुरुआत की।

रावत ने बताया कि आगामी विधान सभा चुनाव 2022 को लेकर पार्टी अपने चुनावी अभियान के तहत ‘‘कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा : हम वचन निभायेंगें’’ नाम से 12 हजार किलोमीटर की यात्रा प्रदेश के तमाम बड़े शहरों, कस्बों और गांवों से होकर गुजरेगी। यह निर्णय उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी, महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा की मौजूदगी में पार्टी की सलाहकार और रणनीतिक कमेटी ने लिया। कमेटी की बैठक में आगामी विधान सभा से जुड़े चुनाव अभियानों और कार्यक्रमों पर गहन मंथन किया गया।

रावत ने बताया कि श्रीमती गांधी ने बैठक में ‘‘उत्तर प्रदेश कांग्रेस चुनाव समन्वय समिति’’ के सदस्यों के साथ क्षेत्रवार चुनावी रणनीति को लेकर तमाम बिंदुओं पर चर्चा की। श्री रावत ने बताया कि श्रीमती प्रियंका गांधी के कमान संभालने के बाद प्रदेश में 831 ब्लाक कमेटियों का गठन किया जा चुका है। इनके पदाधिकारियों की संख्या लगभग 20,775 है। इसके अलावा 8,134 न्याय पंचायत कमेटियां गठित की गई हैं जिनके अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों की कुल संख्या 1 लाख 70 हजार 814 है। इनके सत्यापन के साथ शहर कमेटियों के अर्न्तगत आने वाले 2614 वार्ड कमेटियों के गठन की प्रक्रिया भी जारी है। श्रीमती प्रियंका गांधी ने इन तमाम सांगठनिक प्रक्रियाओं की विस्तार से समीक्षा की।

इन बैठकों में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, कांग्रेस विधानमण्डल दल नेता आराधना मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव/प्रभारी धीरज गुर्जर, राष्ट्रीय सचिव बाजीराव खाड़े, सचिन नाईक, रोहित चौधरी, राजेश तिवारी, तौक़ीर आलम के अलावा प्रमोद तिवारी, पी.एल.पुनिया, बेग़म नूर बानो, मोहसिना क़िदवई, ज़फ़र अली नक़वी, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, इमरान मसूद, राजाराम पाल, राजेश मिश्र सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular