लखनऊ (हि.स.)। अधिक से अधिक महिला मतदाताओं तक अपनी पहुंच बनाने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश में ‘‘डोर टू डोर अभियान- महिलाओं के लिए, महिलाओं द्वारा, महिलाओं के लिए’’ शुरू किया है।
महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने के वादे को पूरा करते हुए कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी अब कांग्रेस प्रतिज्ञा पत्र और शक्ति विधान में किए गए वादों की याद दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश की महिलाओं को पत्र भेज रही हैं। पोस्ट कार्ड की शक्ल वाले गुलाबी रंग के इस पत्र को शक्ति संवाद का नाम दिया गया है। पत्र के जरिये प्रियंका गांधी महिलाओं को उनसे किए वादों की याद दिलाते हुए उत्तर प्रदेश के भविष्य की एक नई कहानी लिखने के लिए विधानसभा चुनाव में समर्थन मांग रही हैं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. हिलाल अहमद ने बताया कि उत्तर प्रदेश में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया यह अनूठा अभियान, 34 लाख घरों में 57 लाख से अधिक महिलाओं तक पहुंच गया है। कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि ‘‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’’ अभियान के एक हिस्से के रूप में 4,000 से अधिक महिलाएं डोर-टू-डोर आउटरीच में शामिल थीं।
इस अभियान के दूसरे हिस्से के तहत ‘‘प्रतिज्ञा’’ कार्ड वितरित किया जा रहा है, जिसमें लोगों पर केंद्रित नीतियों को लागू करने के लिए कांग्रेस की प्रतिबद्धता को सूचीबद्ध किया गया है। इनमें कॉलेज छात्राओं के लिए दोपहिया और स्मार्टफोन का वितरण, हर घर में 03 गैस सिलेंडर मुफ्त और किसानों के लिए कर्ज में राहत शामिल है। अब नहीं तो कब ? इस सवाल के साथ पत्र में एक मोबाइल फ़ोन नंबर दिया गया है, जिसे डायल करते ही ‘‘हैलो प्रियंका’’ आवाज सुनाई देगी। इसके साथ ही महिलाओं को यह बताया जाएगा कि महिलाओं से किए किस वादे का लाभ पाने के लिए कौन सा नंबर डायल कर पंजीकरण कराना होगा।
कहा कि पत्र में प्रियंका गांधी ने लिखा है कि इस चिट्ठी के जरिये आपसे शक्ति संवाद स्थापित कर रही हूं। इतिहास के एक बड़े हिस्से में जो गुमशुदा है, वह एक महिला है। मेरा अटूट विश्वास है कि महिलाएं अगर घर चला सकती हैं, तो देश भी चला सकती हैं।
बृजनन्दन
