Saturday, March 28, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडायूपी में भूमाफियाओं का बोलबाला : अखिलेश

यूपी में भूमाफियाओं का बोलबाला : अखिलेश

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भूमाफिया सक्रिय हैं। वे जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। यह बात मैं नहीं कह रहा। खुद मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में कहा है कि अधिकारी माफियाओं पर लगाम लगाएं। सवाल इस बात का है कि जब मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में भू माफियाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है, तो गोंडा समेत प्रदेश के अन्य जिलों में उन पर लगाम कैसे लगेगी? समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन की बेटी की शादी में शिरकत करने एक दिवसीय दौरे पर शनिवार को गोंडा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री यहां पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर भी योगी सरकार पर जबरदस्त हमला बोला। गोंडा में कल बैंक में दिन दहाड़े हुए लूट की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अब बदमाश हंसिया दिखाकर बैंक लूट ले रहे हैं। इससे सरकार के कानून व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है। एक युवक अंकित तिवारी की पिछले दिनों हुई हत्या के आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी अब तक न होने पर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल खड़ा किया। अखिलेश यादव ने कहा कि अगर सरकार वाकई मर्यादित है, आदर्श है और मर्यादा के रास्ते पर चल रही है, तो जमीन की खरीद फरोख्त को सार्वजनिक क्यों नहीं करती? अयोध्या प्रकरण पर सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आने के बाद से ही गोंडा और अयोध्या में सबसे ज्यादा जमीनें किसने खरीदी हैं, यह सार्वजनिक किया जाना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल सबसे खराब है। अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं और बच्चों की जान जा रही है। बेरोजगारी के मुद्दे पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज प्रदेश का नौजवान 40- 45 हजार रुपए की नौकरी के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर इजराइल जा रहा है। यह प्रदेश सरकार के रोजगार का नया अवसर है। लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा अपने अनेक सांसदों के टिकट काटने जा रही है। इंडिया गठबंधन एनडीए को हराने का काम करेगा।

बृज भूषण सिंह भी पहुंचे नव दंपती को आशीष देने

अखिलेश यादव के जाने के बाद कैसरगंज से भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह भी वैवाहिक कार्यक्रम में पहुंचे। पत्रकारों के पूछने पर उन्होंने कहा कि इस परिवार से हमारे पांच पीढ़ियों से रिश्ते हैं। इसलिए मैं इस कार्यक्रम में आया हूं। इस मौके पर पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक नंदिता शुक्ला व बैजनाथ दुबे, सूरज सिंह, मसूद आलम खान, नगर पालिका गोंडा की अध्यक्ष उज्मा राशिद समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यूपी में भूमाफियाओं का बोलबाला : अखिलेश
RELATED ARTICLES

Most Popular