Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी में बीते 24 घंटे में मिले 34379 नए संक्रमित, 187 की...

यूपी में बीते 24 घंटे में मिले 34379 नए संक्रमित, 187 की मौत


लखनऊ । यूपी में कोरोना संक्रमितों की संख्या हर दिन एक नया रिकार्ड बना रही है। पिछले 24 घंटे में 34379 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे पहले बुधवार को भी 33214 मरीजों के साथ रिकॉर्ड बना था। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद के अनुसार 34379 नए मामले सामने आने के साथ ही 16514 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। राज्य में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 259810 हैं। अब तक कुल 10541 लोगों की मौत हुई है। वहीं पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 196889 सैंपलों की जांच की गई। टीकाकरण की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अब तक 94,70,345 लोग वैक्सीन की पहली डोज ले चुके हैं। इनमें से 18,14,824 लोग वैक्सीन की दूसरी डोज भी ले चुके हैं। जो भी व्यक्ति 45 साल से ज्यादा उम्र के हैं वे अपना टीकाकरण तुरंत कराएं। इससे पहले बुधवार को यूपी में कोरोना के 33214 नए मरीजों की पुष्टि हुई थी। 24 घंटे में कोरोना से 187 लोगों ने दम तोड़ दिया था।
इस बीच उत्तर प्रदेश में कोरोना के बढ़ते प्रभाव के कारण 77 हजार से ज्यादा कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। इसके साथ ही प्रवासियों के लिए 349 क्वारंटाइन सेंटर बनाए गए हैं। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रवासियों की जांच कर उनके पाजिटिव आने पर उन्हें क्वारंटीन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश में 77,989 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। इन कंटेनमेंट जोन में संक्रमण रोकने के लिए सैनिटाइजेशन का काम चल रहा है। संक्रमितों को एक हफ्ते की दवाइयां भी दी जा रही हैं। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि इन कंटेनमेंट जोन में 7,16,775 मकान शामिल हैं। लगभग 36 लाख जनसंख्या इस कंटेनमेंट जोन में है। इनमें बैरिकेडिंग की संख्या 95, 448 है। सरकार की तरफ से 44,788 मोबाइल लाउडस्पीकर्स के माध्यम से लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
इन क्वारंटीन सेंटर में दवाइयों से लेकर खाने-पीने की सुविधा भी सरकार उपलब्ध करा रही है। यहां आने वाले प्रवासियों की सूचनाएं भी वेबसाइट पर फीड किया जा रहा है। इन्हें आयुक्त कार्यालय की वेबसाइट पर फीड किया जा रहा है। राहत आयुक्त कार्यालय की वेबसाइट पर स्किल मैपिंग के लिए विभिन्न श्रेणी के कार्यों का वर्गीकरण किया जा रहा है। प्रशांत कुमार ने बताया कि पिछले 24 घंटों में मास्क न लगाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। इस दौरान पूरे प्रदेश में 57,753 लोगों का चालान किया गया है। कुल 1276 पुलिस बल अब तक कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। रेमडेसिविर जैसी दवाओं की कालाबाजारी पर एनएसए और गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular