लखनऊ । उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक एसोसिएशन ने मुख्य चुनाव आयुक्त और राज्य निर्वाचन आयुक्त से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के शेष चरणों को स्थगित करने की मांग की है। वहीं जो मतदान कर्मी कोविड पॉजिटिव हुए हैं उनको निशुल्क चिकित्सा सुविधाएं और जिनका कोरोना के कारण स्वर्गवास हुआ है, उनके परिजनों को कोरोना वॉरियर्स की तरह 50 लाख की धनराशि की मदद प्रदान करने की भी मांग की है। प्रांतीय अध्यक्ष विनय कुमार सिंह और प्रांतीय महामंत्री आशुतोष मिश्र ने बताया कि प्रदेश के समस्त जनपदों के समस्त विभागों के कर्मचारियों, अधिकारियों के साथ 80 प्रतिशत परिषदीय शिक्षक निर्वाचन कार्मिक के रूप में अपने दायित्वो का निर्वाहन कर रहें है। प्रशिक्षण के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं हुआ। मतदान स्थल पर मतदाताओं की थर्मल स्कैनिंग और सैनिटाइज करने की कोई भी (कोविड हेल्प डेस्क) व्यवस्था नहीं थी। प्रथम दो चरण के मतदान के बाद हजारों मतदान कर्मी भी कोविड पॉजिटिव हो चुके हैं और उनमें से कई कार्मिको व शिक्षकों की मृत्यु हो गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चुनाव को स्थगित कर बाद में कराना चाहिए जब स्थिति सामान्य हो जाए।
