Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी में चल रही भाजपा की तानाशाही : नरेश उत्तम

यूपी में चल रही भाजपा की तानाशाही : नरेश उत्तम

मेरठ (हि.स.)। नगर निगम की बोर्ड बैठक के बाद दलित पार्षदों की पिटाई को सपा ने अपना मुद्दा बना लिया है। शनिवार को सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल मेरठ पहुंचे। उन्होंने सपा पार्षद कुलदीप उर्फ कीर्ति घोपला के घर जाकर मामले की जानकारी ली। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की तानाशाही चल रही है।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के मेरठ पहुंचने पर सर्किट हाउस में पार्टी नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मारपीट प्रकरण की जांच करने वाली सपा की समिति से उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद वे घोपला गांव में सपा पार्षद कीर्ति घोपला से मिलने उनके घर पहुंचे। नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि मंत्री और एमएलसी द्वारा दलित पार्षदों को पीटा जाना बहुत शर्मनाक है। भाजपा सामाजिक विषमता पैदा कर रही है, यह देश के लिए अच्छा नहीं है। नगर निगम में कोई अपनी बात कहता है तो उसे पीटा जाता है। पूरे प्रदेश में अराजकता है। कहीं कोई कानून नहीं है। केवल हवा हवाई बातें होती हैं। विपक्ष को अपमानित करना और बात न सुनना तानाशाही है।

सदन में उठाएंगे पिटाई प्रकरण

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। दलित पार्षदों की पिटाई के प्रकरण को विधानसभा में उठाया जाएगा। पार्टी पूरी तरह से अपने पार्षदों के साथ है। प्रदेश में अराजकता का माहौल है। सरकार अपराध रोकने में नाकाम है। आए दिन लूट, हत्या, डकैती हो रही है। महिलाओं का उत्पीड़न हो रहा है। जांच समिति की रिपोर्ट को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समक्ष रखा जाएगा और विचार मंथन के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। इस अवसर पर सपा विधायक अतुल प्रधान, जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, डॉ. ज्ञानेंद्र शर्मा, शहर विधायक रफीक अंसारी, किठौर विधायक शाहिद मंजूर, पूर्व विधायक योगेश वर्मा आदि उपस्थित रहे।

डॉ. कुलदीप/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular