लखनऊ (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से पूछा है कि आपकी सरकार के प्रशासन ने बांदा में सैकड़ों जिन्दा गायों को दफना दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि आप उत्तर प्रदेश में हैं क्या आप गौशालाओं की दुर्दशा पर उ0प्र0 सरकार से जवाबदेही मांगेंगे?
प्रियंका ने कहा कि भाजपा सरकार में गौशालाओं में गऊ माता क्रुरता व अमानवीयता का शिकार हैं। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में मिट्टी और भारी भरकम पत्थरों के नीचे जिन्दा गायों को दफन करने का मामला सामने आया है। इस घटना पर प्रियंका ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि गाय हमारी माता है। गाय में करोड़ों देवी देवताओं का वास होता है। उस गौमाता की दुर्दशा अक्षम्य एवं निंदनीय है। इन ढोंगियों के लिए गौमाता केवल वोट बटोरने का साधन मात्र रह गयी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश में हर रोज गौशालाओं में मर रहीं एवं ज़िंदा दफ़न की जा रहीं गायों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ ‘भाजपा सदबुद्धि यज्ञ एवं प्रायश्चित यात्रा’ आज पूरे प्रदेश में कांग्रेसजनों द्वारा हवन यज्ञ के माध्यम से भाजपा को सद्बुद्धि मिले इसलिए की गयी। जिससे करोड़ों भारतीयों के आस्था की प्रतीक गौमाता की रक्षा एवं सुरक्षा हो सके। कांग्रेस पार्टी गौमाता की सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है। प्रदेश सरकार को अन्याय नहीं करने देगी।
बृजनन्दन
