Thursday, March 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी में क्रिसमस एवं नववर्ष पर 1.20 लाख लीटर अवैध शराब जब्त...

यूपी में क्रिसमस एवं नववर्ष पर 1.20 लाख लीटर अवैध शराब जब्त हुई

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में क्रिसमस और नववर्ष को ध्यान में रखते हुए अवैध शराब के निर्माण, तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया गया। 21 दिसम्बर, 2023 से 04 जनवरी, 2024 तक प्रदेश स्तर पर चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान में 1.20 लाख लीटर अवैध शराब बरामद की गई। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त 1,398 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। 4,588 मुकदमे पंजीकृत किए गए।

प्रदेश के आबकारी आयुक्त, सेंथिल पांडियन सी ने सोमवार को बताया कि विशेष प्रवर्तन अभियान के अन्तर्गत अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी की रोकथाम के लिए राजस्व प्रशासन, पुलिस तथा आबकारी की संयुक्त टीमें गठित की गईं।

अन्तर्राज्यीय मदिरा की तस्करी की रोकथाम के लिए पंजाब एवं हरियाणा राज्यों से आने वाली ट्रेनों को भी चिन्हित कर उन पर विशेष निगरानी रखी गई। आवश्यकतानुसार जीएसटी, परिवहन विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल से समन्वय स्थापित कर सहयोग लिया गया।

अभियान में अवैध मद्य निष्कर्षण के क्षेत्रों में अनेकों भट्ठियां मौके पर तोड़ी गईं। अंतर्राज्यीय अवैध मदिरा की तस्करी में संलिप्त 07 वाहन भी जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त मदिरा के थोक अनुज्ञापनों, फुटकर दुकानों, संदिग्ध, हाइवे के किनारे स्थित संदिग्ध ढाबों, कबाड़ी की दुकानों, बन्द पड़ी फैक्ट्रियों, ईट-भट्ठों आदि की भी चेकिंग की गई।

उन्होंने बताया कि विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान जनपद प्रयागराज, सोनभद्र, भदोही, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, लखनऊ, बागपत, गाजियाबाद, मथुरा एवं अलीगढ़ जनपदों में अन्तर्राज्यीय मदिरा की तस्करी के 46 मुकदमें दर्ज किए गए। 19,408 लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई।

ड्रोन कैमरों से की गई निगरानी

अवैध मद्य निष्कषर्ण की रोकथाम के लिए जनपद गोरखपुर, कुशीनगर एवं गोण्डा में ड्रोन कैमरों के माध्यम से ईंट-भट्ठों तथा उसके संलग्न क्षेत्रों, नदियों के कछारों एवं मांझा क्षेत्रों में संदिग्ध स्थानों पर निगाह रखते हुए छापेमारी की कार्यवाही की गई। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के संबंध में जन सामान्य से सूचनाएं प्राप्त करने के लिए आबकारी मुख्यालय, प्रयागराज में टोल फ्री नम्बर ‘14405’ और व्हाट्सएप नम्बर 9454466019 कार्यरत है, जो सातों दिन चौबीस घंटे क्रियाशील है।

दीपक/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular