Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी में कोरोना संक्रमण के नए मामले हुए कम, मौतों की संख्या...

यूपी में कोरोना संक्रमण के नए मामले हुए कम, मौतों की संख्या बढ़ी


लखनऊ । उत्तर प्रदेश में कोरोना का कहर धीरे-धीरे थमता दिख रहा है। आंकड़ों के मुताबिक राज्य में नए मामले तेजी से घट रहे हैं। हालांकि कोरोना से हो रही मौतों के कारण चिंता बनी हुई है। शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण से 312 और मरीजों की मौत हो गई। इससे संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हजार 958 हो गई है।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शुक्रवार को यहां बताया कि राज्य में संक्रमण के 15,747 नए मामले सामने आए हैं। अब तक 15 लाख 96 हजार 628 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें 13 लाख 85 हजार 855 संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। प्रसाद ने बताया कि पिछले 13 दिनों में राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1.17 लाख से अधिक की कमी आई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोविड-19 से मुक्त होने की दर 86.8 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को लगभग 3.10 लाख उपचाराधीन मरीज थे और वर्तमान में यह संख्या घटकर एक लाख 93 हजार 815 रह गई है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 15 हजार 747 नये मामले आये जबकि इस अवधि में 26 हजार 174 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि अब तक राज्य में 4.41 करोड़ से अधिक सैंपल की जांच की गई। इसमें बुधवार को परीक्षण किए गए 2.63 लाख से अधिक सैंपल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में फिलहाल संक्रमित लोगों में से 1 लाख 57 हजार 257 आइसोलेशन में हैं और घर पर रह कर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। बाकी लोगों का इलाज सरकारी और निजी अस्पतालों में हो रहा है। राज्य में चल रहे टीकाकरण अभियान के बारे में उन्होंने कहा कि कुल 1.44 करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। इसमें 1.13 करोड़ से अधिक लोगों को पहली खुराक दी गई है। राज्य के 18 जिलों में अभी तक 18 से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण चल रहा था और 17 मई से राज्य के 23 जिलों में टीकाकरण किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular