Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी में कोरोना के मामले घटे, योगी बोले-थोड़ी लापरवाही पड़ सकती है...

यूपी में कोरोना के मामले घटे, योगी बोले-थोड़ी लापरवाही पड़ सकती है भारी

लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार की प्रभावी रणनीति और निरन्तर प्रयासों से प्रदेश में कोविड संक्रमण नियंत्रित स्थिति में है। कोरोना संक्रमण अभी समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए संक्रमण से बचाव के सम्बन्ध में थोड़ी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। इसके दृष्टिगत उन्होंने कोरोना प्रोटोकॉल का पूर्णतया पालन सुनिश्चित किये जाने तथा कोविड-19 से बचाव और उपचार की व्यवस्था को प्रभावी रूप से जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को यहां आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि विगत 24 घण्टों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 100 नए मामले सामने आये हैं। इसी अवधि में 183 संक्रमित व्यक्तियों को सफल उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया है। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के एक्टिव मामलों की संख्या 1,608 है। वहीं पिछले 24 घण्टों में प्रदेश में कुल 2,76,013 करोना टेस्ट किये गये। इनमें संक्रमण की पॉजिटिविटी दर 0.04 प्रतिशत रही। राज्य में पॉजिटिविटी दर निरन्तर घट रही है। राज्य में अब तक कुल 06 करोड़ 03 लाख 77 हजार 16 कोरोना टेस्ट सम्पन्न हो चुके हैं। राज्य में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर 98.6 प्रतिशत है। विगत 24 घण्टों में प्रदेश में कोरोना वैक्सीन 07 लाख 23 हजार 405 डोज एडमिनिस्टर की गई। विगत दिवस तक राज्य में कोरोना वैक्सीन की कुल 03 करोड़ 68 लाख 18 हजार 42 डोज एडमिनिस्टर की जा चुकी हैं। उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक कोविड वैक्सीन डोज एडमिनिस्टर करने वाला राज्य है।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कोरोना वैक्सीनेशन इसके संक्रमण के प्रति एक सुरक्षा कवच है। कोरोना संक्रमण के सम्बन्ध में विशेषज्ञों के भविष्य के आकलनों के दृष्टिगत आगामी दो महीनों में लक्षित आयु वर्ग के अधिक से अधिक लोगों का कोविड वैक्सीनेशन कराये जाने का प्रयास किया जाए। जितने अधिक लोगों का वैक्सीनेशन सम्पन्न हो जाएगा, कोरोना संक्रमण को उतने ही प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा। इसलिए कोरोना वैक्सीनेशन के कार्य को पूरी गति से संचालित किया जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular