Tuesday, February 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी में और घटे कोरोना संक्रमण के मामले, रिकवरी दर 98.6 फीसद...

यूपी में और घटे कोरोना संक्रमण के मामले, रिकवरी दर 98.6 फीसद हुई

लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार की ‘ट्रेस, टेस्ट एण्ड ट्रीट’ की रणनीति प्रदेश में कोविड संक्रमण नियंत्रित करने में कारगर सिद्ध हो रही हैं। राज्य में विगत 24 घण्टों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 59 नए मामले प्रकाश में आये हैं। इसी अवधि में 149 संक्रमित व्यक्तियों को सफल उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया है। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के एक्टिव मामलों की संख्या 1,479 है। पिछले 24 घण्टों में प्रदेश में कुल 2,35,959 कोरोना टेस्ट किये गये। राज्य में अब तक कुल 06 करोड़ 10 लाख 81 हजार 870 कोरोना टेस्ट सम्पन्न हो चुके हैं। राज्य में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर 98.6 प्रतिशत है।
मुख्यमंत्री योगी ने मंगलवार को यहां आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण पर लगातार नियंत्रण रखने के लिए प्रभावी कार्यवाही जारी रखी जाए। अन्य राज्यों से आने वाले लोगों की अनिवार्य रूप से स्क्रीनिंग की जाए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जाए। पुलिस द्वारा पेट्रोलिंग बढ़ाये जाने के साथ ही प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही भी की जाए। पब्लिक एड्रेस सिस्टम का प्रयोग करते हुए संक्रमण के प्रति लोगों को निरन्तर जागरूक एवं कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के प्रति सचेत किया जाए। स्थानीय प्रशासन फल मण्डी, सब्जी मण्डी सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ एकत्र न होने देने के लिए प्रभावी कार्यवाही करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड संक्रमण के सम्बन्ध में विशेषज्ञों के भविष्य के आकलनों को ध्यान में रखते हुए कांवड़ संघों से संवाद कर न्यूनतम लोगों की सहभागिता का अनुरोध किया जाए। इस सम्बन्ध में दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा एवं उत्तराखण्ड राज्यों से भी संवाद कर कांवड़ यात्रा के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश निर्गत किये जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के लिए अन्य राज्यों से प्रदेश में आने वालों के लिए आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता लागू किये जाने पर भी विचार-विमर्श कर निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के सम्बन्ध में आवश्यक विचार-विमर्श कर नीति शीघ्र तैयार की जाए। राज्य में स्थापित होने वाले मेडिकल कॉलेज प्रदेशवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुलभ कराने में अत्यन्त उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में बेहतर व्यवस्था बनायी जानी चाहिए।

RELATED ARTICLES

Most Popular