Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी बोर्ड के हाईस्कूल-इंटरमीडिएट के छात्रों के डेटाबेस लीक पर एफआईआर की...

यूपी बोर्ड के हाईस्कूल-इंटरमीडिएट के छात्रों के डेटाबेस लीक पर एफआईआर की मांग

-वरिष्ठ आईपीएस अफसर अमिताभ ठाकुर ने की शिकायत    
 लखनऊ (हि.स.)। वरिष्ठ आईपीएस अफसर अमिताभ ठाकुर ने माध्यमिक शिक्षा परिषद् उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) के 10वीं तथा 12वीं कक्षा के छात्रों के डेटाबेस के निजी व्यक्ति को लीक होने तथा इसे अन्य व्यक्तियों को सार्वजनिक रूप से बेचे जाने के मामले में एफआईआर दर्ज किये जाने की मांग की है।
एसएसपी कानपुर नगर तथा अन्य को भेजी अपनी शिकायत में अमिताभ ने कहा कि उन्हें दी गयी सूचना के अनुसार थाना रायपुरवा, कानपुर नगर स्थित इंडीस कम्पनी के लोगों द्वारा उत्तर प्रदेश के 10वीं तथा 12वीं की परीक्षा के छात्रों का डाटाबेस बेचा जा रहा है। सूचना अनुसार कम्पनी द्वारा एक पिनकोड का डाटाबेस 1000 रुपये, एक शहर का डेटाबेस 3,500 रुपये तथा पूरा डाटाबेस 6,500 रुपये में बेचा जा रहा हैं। कम्पनी के लोगों के अनुसार उनके पास उत्तर प्रदेश में वर्ष 2020 में 10वीं के 3,46,505 तथा 12वीं के 2,27,984 छात्रों के डेटाबेस है। इस डेटाबेस में छात्रों के नाम, पिता का नाम, ईमेल तथा मोबाइल नम्बर भी शामिल हैं।
अमिताभ ने कहा कि इस प्रकार 10वीं तथा 12वीं की परीक्षा में बैठे स्टूडेंट्स का डाटाबेस प्राप्त किया जाना प्रथमद्रष्टया आपराधिक कृत्य जान पड़ता है। यह डेटाबेस पूरी तरह सम्बन्धित परीक्षा बोर्ड का स्वत्वाधिकार है तथा बोर्ड की यह जिम्मेदारी है कि उक्त डेटाबेस को सुरक्षित रखें एवं किसी भी स्थिति में इसे अनधिकृत रूप से निजी हाथों में नहीं जाने दें। वरिष्ठ आईपीएस अफसर ने कहा कि इस प्रकार इस कम्पनी के लोगों द्वारा यह डेटाबेस हासिल करना एक गम्भीर आपराधिक कृत्य प्रतीत होता है। साथ ही यह छात्रों के व्यक्तिगत जीवन तथा निजता का उल्लंघन है। इसलिए उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई किये जाने मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular