नई दिल्ली (हि.स.)। यूपी बुलडोजर मामले पर सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को होने वाली सुनवाई से पहले दिल्ली की जहांगीरपुरी के कुछ हॉकर भी सुप्रीम कोर्ट पहुंचे। अपने मामले पर भी सुनवाई का अनुरोध किया। कोर्ट ने अलग-अलग राज्यों की बुलडोजर कार्रवाई को लेकर दाखिल सभी याचिकाओं को कल सुनवाई के लिए लगाने की बात कही है।
16 जून को सुप्रीम कोर्ट ने उत्तरप्रदेश में बुलडोजर की कार्रवाई के खिलाफ दायर याचिका पर उत्तर प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया था। कोर्ट ने कहा था कि अवैध निर्माण हटाने में पूरी प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। सुनवाई के दौरान जमीयत उलेमा हिंद की ओर से वकील सीयू सिंह ने कहा था कि दिल्ली के जहांगीरपुरी में बुलडोजर की कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दिया था। इस मामले में यूपी सरकार को नोटिस दिया गया था लेकिन यूपी में अंतरिम आदेश के अभाव में तोड़फोड़ की गई। सीयू सिंह ने कहा था कि ये मामला दुर्भावना का है। जिनका नाम एफआईआर में दर्ज है उनकी संपत्तियों को चुन-चुनकर ध्वस्त किया गया है।
संजय/मुकुंद
