यूपी : पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात से बारिश के साथ ओलावृष्टि की बढ़ी संभावना
– आगामी चार दिनों तक मौसम का बदला रहेगा मिजाज, जारी रहेगी शीतलहर
लखनऊ (हि.स.)। सर्द हवाओं के चलने से धूप निकलने के बाद भी लोगों को गलन परेशान कर रही है। ऐसा पश्चिमी विक्षोभ के लंबे समय तक सक्रिय होने से हो रहा है और इन दिनों चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होने से आगामी चार दिनों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला-बदला सा रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक कानपुर सहित उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में हल्की बारिश होगी और कहीं-कहीं पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि इस समय जम्मू कश्मीर के पास बना हुआ है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ इसके पीछे ही आ रहा है और इस समय उत्तरी अफगानिस्तान तथा इससे सटे उत्तरी पाकिस्तान पर पहुंच गया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पाकिस्तान के मध्य भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हो गया है। दक्षिण-पूर्वी अरब सागर से तटीय कर्नाटक होते हुए मध्य महाराष्ट्र तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान देश भर में हुई मौसमी हलचल पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां दर्ज की गई हैं। तटीय आंध्र प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ बारिश हुई। आंतरिक तमिलनाडु में हल्की बारिश हुई है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। उत्तर प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में बेहद घना कोहरा छाया रहा।
बताया कि आगामी 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में घना कोहरा जारी रहने की संभावना है। साथ ही पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर 24 से 48 घंटों तक शीत लहर की स्थिति बने रहने का अनुमान है। जम्मू कश्मीर, गिलगित, मुजफ्फराबाद और लद्दाख में हल्की बारिश और हिमपात हो सकता है। हिमाचल प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी शुरु होने के आसार हैं। इन पर्वतीय राज्यों में तीन फरवरी से बारिश और बर्फबारी की तीव्रता में वृद्धि होने की संभावना है। तीन फरवरी से पंजाब और हरियाणा के भी कुछ हिस्सों में छिटपुट जगहों पर बारिश हो सकती है। चार फरवरी से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य भागों, उत्तरी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में इस बारिश के दौरान चार और पांच फरवरी को एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि की भी आशंका है।
