Thursday, February 19, 2026
Homeराष्ट्रीययूपी के 2 जिलों में कोरोना केस बढ़ने पर सीएम योगी ने...

यूपी के 2 जिलों में कोरोना केस बढ़ने पर सीएम योगी ने जताई चिंता, चिकित्सक भेजने के निर्देश दिए

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में कोरोना की रफ्तार कम पड़ने लगी है। सोमवार को प्रदेश में मिले कुछ 96 मरीजों में से 28 रोगी अकेले सीतापुर से सामने आए हैं। बीते रविवार को सुलतानपुर में 20 मरीज सामने आए थे। प्रदेश के दो जिलों में कोरोना मरीजों की बढ़ी संख्या पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिंता जताई है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि सुल्तानपुर और सीतापुर जिलों में कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी होने के कारणों का तत्काल पता लगाया जाए। उन्होंने दोनों जिलों में विशेषज्ञ चिकित्सक भेजने और पूरी स्थिति की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कहा, संक्रमितों की टैवल हिस्ट्री की जानकारी लेकर इनके संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग की जाए।
यूपी में करीब एक महीने से ज्यादातर जिलों में इकाई में ही मरीज मिल रहे थे। ऐसे में सीतापुर और सुलतानपुर जिलों में अब रोगियों की केस हिस्ट्री की जांच की जाएगी और यह पता लगाया जाएगा कि बीते दिनों वह कहां-कहां गए थे। इनके संपर्क में आने वाले लोगों की भी आरटी-पीसीआर जांच कराई जाएगी। फिर डेल्टा प्लस व कप्पा वेरिएंट का पता लगाने के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग कराई जाएगी। संक्रमण और न फैले इसके लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
कोरोना संक्रमण रोकने के लिए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने आगे आठ महीने की विशेष कार्य योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए हैं। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए चिकित्सा सुविधाओं को बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। यूपी में सोमवार को कोरोना से संक्रमित 96 नए रोगी मिले हैं। अब 1,576 सक्रिय केस हैं। सक्रिय केस के मामले में उत्तर प्रदेश देश में 21 वें स्थान पर है। सर्वाधिक आबादी वाले इस राज्य में दूसरे राज्यों की तुलना में संक्रमण काबू में है। 68 जिलों में कोरोना के 50 से कम रोगी हैं और इसमें से 34 जिले ऐसे हैं, जहां अब 10 से भी कम मरीज हैं। यूपी में अब रिकवरी रेट 98.6 प्रतिशत है और पाजिटिविटी रेट 0.04 प्रतिशत है।

RELATED ARTICLES

Most Popular