लखनऊ । उत्तर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में 18 वर्ष से अधिक आयु वाले नागरिकों के लिए कोरोना टीकाकरण अभियान एक सप्ताह में शुरू हो जाएगा। उन्होंने लोगों को विपक्ष के बहकावे में न आकर समय से टीकाकरण करा लेने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि शनिवार से प्रदेश के सात ऐसे जिलों जहां कोरोना संक्रमण की रफ्तार अधिक है, वहां 18 वर्ष आयु से अधिक के नागरिकों को टीका लगाने का काम शुरू हो गया है। अन्य जिलों में भी एक सप्ताह के भीतर टीकाकरण आरंभ करा दिया जाएगा। उन्होंने टीकाकरण के लाभ गिनाते हुए कहा कि लोग भयभीत न हो पूरे भरोसे से वैक्सीन टीका लगवाए। उनका कहना था कि कोरोना संक्रमण का खतरा टीकाकरण न कराने वालों को अधिक रहता है। उन्होंने कहा कि दवाओं व ऑक्सीजन तथा अन्य चिकित्सीय उपकरणों की कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऑक्सीजन की कमी वाले जिलों को चिन्हित करके वहां विशेष कार्ययोजना लागू की गयी है। जल्द ही इस संकट से निजात पा ली जाएगी। चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने वैश्विक आपदाकाल में सकारात्मकता को बनाए रखने पर जोर देते हुए वातावरण खराब करने वालों से सतर्क रहने का आह्वान भी किया।
यूपी के सभी जिलों में एक सप्ताह में शुरू होगा 18 वर्ष से अधिक की आयु के लोगों का टीकाकरण
RELATED ARTICLES
