Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी के कई जिलों में जोरदार बारिश ने दी गर्मी से राहत

यूपी के कई जिलों में जोरदार बारिश ने दी गर्मी से राहत


लखनऊ । यूपी के गाजियाबाद, नोएडा, मुरादाबाद, मेरठ सहित कई जिलों में बुधवार को हुई जोरदार बारिश ने गर्मी से लोगों को राहत दी। उत्तर प्रदेश में मानूसन के सक्रिय हो जाने की वजह से अगले पांच दिनों तक पश्चिमी यूपी में भारी बारिश होने के आसार बन रहे थे। मौसम विभाग ने अगले चैबीस घण्टों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की चेतावनी भी जारी की है। वहीं कई जिलों में अभी भी उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाडी से नम पूर्वी हवाओं के पहुंचने से बीते चार दिनों से निचले स्तर पर बादल छाए और छिटपुट बारिश दर्ज की गई। वहीं बीते चैबीस घण्टों के दौरान राज्य में कहीं हल्की तो कहीं सामान्य बारिश हुई। इस अवधि में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ी। राज्य में सबसे अधिक तीन-तीन सेण्टीमीटर बारिश ललितपुर जिले के महरौनी और बरेली के आंवला में दर्ज की गयी। इसके अलावा कुशीनगर के हाता, झांसी के मउरानीपुर, हाथरस, बुलंदशहर के अनूपशहर, कन्नौज में दो-दो सेण्टीमीटर बारिश दर्ज की गयी। संतकबीरनगर के खलीलाबाद, लखनऊ, सिद्धार्थनगर के ककराही, बांदा के अतर्रा, कन्नौज, महोबा, सम्भल के गुन्नौर, अलीगढ़ के इग्लास में एक-एक सेण्टीमीटर बारिश रिकार्ड की गयी। बीते चैबीस घण्टों के दौरान गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, मेरठ मण्डलों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा। राज्य में सबसे अधिक 39.7 डिग्री सेल्सियस तापमान फतेहगढ़ में रिकार्ड किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular