Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी की चुनावी रणनीति को फाइनल टच देने में जुटी कांग्रेस

यूपी की चुनावी रणनीति को फाइनल टच देने में जुटी कांग्रेस

लखनऊ : यूपी चुनाव की तैयारी में जोरशोर से जुटी कांग्रेस ने अब अपनी रणनीति को फाइनल टच देना शुरू कर दिया है। पार्टी में चुनाव को लेकर अलग-अलग कमेटियों का गठन हो रहा है। इसी क्रम में बुधवार को राष्‍ट्रीय महासचिव के.सी.वेणुगोपाल ने यूपी कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति की घोषणा की। इस समिति में प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, राजीव शुक्‍ला, पीएल पुनिया, आरपीएन सिंह और राशिद अल्‍वी जैसे बड़े नेताओं को जिम्‍मेदारी दी गई है। सूची में कुल 38 नाम हैं। इनमें कई पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक, पार्टी के कद्दावर नेता और रणनीतिकार शामिल हैं। गौरतलब है कि देश के सबसे बड़े राज्‍य में खुद को मजबूत करने में जुटी कांग्रेस ने नौ अगस्‍त से यूपी के सभी 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में प्रदर्शन शुरू किया है। पार्टी ‘भाजपा गद्दी छोड़ो’ जैसे अक्रामक नारे के साथ मैदान में उतरी है।प्रियंका गांधी भी लगातार किसान, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठा रही हैं। ऐसे में बुधवार को चुनाव अभियान समिति की घोषणा कर पार्टी ने अपने रणनीतिकारों को यूपी पर फोकस करने का निर्देश दे दिया है। इस बारे में पूछे जाने पर यूपी कांग्रेस के उपाध्‍यक्ष विश्‍वविजय सिंह ने कहा कि चुनाव के दृष्टिगत कई तरह की कमेटियों का गठन किया गया है। चुनाव अभियान समिति के गठन से कांग्रेस के अभियान को ग्रास रूट लेवल पर और गति मिलेगी। प्रदेश सरकार लाठी के दम पर हमें रोकने की कोशिश कर रही है लेकिन अब कांग्रेस को किसी भी तरह रोका नहीं जा सकता।

RELATED ARTICLES

Most Popular