Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी और योगी पर कयासों के बीच जेपी नड्डा करेंगे अहम मीटिंग

यूपी और योगी पर कयासों के बीच जेपी नड्डा करेंगे अहम मीटिंग

नई दिल्ली । हाल ही में आरएसएस की टॉप लीडरशिप से लेकर संगठन महामंत्री तक की लखनऊ में हुई बैठकों के बाद अब दिल्ली में मीटिंगों का सिलसिला शुरू होने वाला है। यूपी सरकार और सीएम योगी आदित्यनाथ को लेकर लग रहे कयासों के बीच बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार और रविवार को दिल्ली में मुलाकात करेंगे। इस मीटिंग में पार्टी के सभी राष्ट्रीय महासचिव मौजूद रहेंगे। इस मीटिंग में यूपी समेत 2022 में कई राज्यों में विधानसभा चुनावों को लेकर मीटिंग होगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस मीटिंग में कोरोना काल में बीजेपी की ओर से चलाए रहे अभियान को लेकर भी चर्चा होगी। बता दें कि बीजेपी ने देश भर में कोरोना काल में गरीबों और वंचितों की मदद के लिए ‘सेवा ही संगठन’ नाम से अभियान की शुरुआत की है। इसके अलावा मीटिंग में हाल ही में पश्चिम बंगाल, असम, केरल समेत 5 राज्यों के चुनाव परिणामों पर भी चर्चा की जा सकती है। कहा जा रहा है कि महासचिवों और संगठन महामंत्रियों से कहा गया है कि वे अपने राज्यों की रिपोर्ट तैयार करके आएं। खासतौर पर उन राज्यों के प्रभारियों को कहा गया है, जहां अगले साल चुनाव होने वाले हैं। इन राज्यों में यूपी, हिमाचल, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब और गुजरात शामिल हैं। इन राज्यों में 2022 में ही विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके अलावा कोरोना काल में पार्टी की छवि और उसकी ओर से किए जा रहे कामों की समीक्षा भी की जाएगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह बैठक अहम होगी क्योंकि इसमें यूपी समेत कई राज्यों में होने वाले चुनाव की रणनीति तय की जाएगी। बीजेपी के एक सीनियर लीडर ने कहा, ‘पार्टी का फोकस कोरोना काल में चल रही स्कीमों को लेकर है। खासतौर पर आर्थिक तौर पर पिछड़े लोगों के लिए सेवा ही संगठन जैसे अभियान की सफलता और उसकी संभावनाओं को लेकर बात होगी।’ बता दें कि हाल ही में बीजेपी के संगठन महामंत्री बीएल संतोष लखनऊ पहुंचे थे और उन्होंने योगी सरकार के कई मंत्रियों और विधायकों से अलग-अलग मीटिंग की थी। इस बैठक के बाद यह कयास लगाए गए थे कि यूपी में सरकार और संगठन में फेरबदल किया जा सकता है। हालांकि इस पर प्रदेश या राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular