10 पिस्टल, 20 मैगजीन व कार बरामद
आजमगढ़ (हि.स.)। यूपी एटीएस और आजमगढ पुलिस के संयुक्त आपरेशन में पुलिस ने अंतर्राज्यीय असलहा तस्करी का खुलासा करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर लिया जबकि दो तस्कर फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार तस्करों के कब्जे से दस पिस्टल, 20 कारतूस, कार आदि सामान बरामद हुआ है। पुलिस फरार तस्करों की गिरफ्तारी में जुटी है।
यूपी एटीएस की टीम को जानकारी मिली कि आजमगढ़ और आस-पास के जिलों में अवैध असलहे की दूसरे राज्यों से तस्करी कर बेचने का गोरखधंधा चल रहा है। जानकारी के बाद यूपी एसटीएफ ने असलहा तस्करों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया। यूपी एसटीएफ शहर कोतवाली पुलिस के साथ शनिवार की तड़के आजमगढ़ बस स्टेशन के आस-पास के इलाके की घेराबंदी की। तड़के करीब चार बजे पीठ पर लदे बैग लेकर दो व्यक्ति जजी की मैदान की तरफ बढे़। इसी दौरान एक कार आकर रुकी। दोनों अपने बैग को कार में रखकर बैठ रहे थे तभी पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार में रखे बैग की तलाशी ली तो उसमें 32 बोर की दस पिस्टल , 20 कारतूस, कार व मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गिरफ्तार तस्करों में रामशब्द यादव उर्फ मंत्री उर्फ बुढ़वा निवासी रसीदाबाद जीयनपुर और संजय यादव निवासी गजहड़ा मुबारकपुर आजमगढ़ शामिल हैं, जबकि दो तस्कर फरार हो गए।
एसपी सिटी शैलेन्द्र लाल ने बताया कि यूपी एसटीएफ और आजमगढ़ पुलिस के संयुक्त आपरेशन में दो अंतर्राज्यीय असलहा तस्कर गिरफ्तार हुए हैं। इनके पास से 10 पिस्टल, 20 कारतूस व अन्य सामान बरामद हुआ है। ये सभी मध्य प्रदेश जिले से पिस्टल को लाकर जिले में बेचते थे। पुलिस इनके द्वारा बेचे गए लोगों व जहां से ये खरीदकर लाते थे, उनकी भी तलाश कर रही है। तस्करों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। इन दोनों तस्करों के खिलाफ आजमगढ व आसपास के जनपदों में 32-32 मुकदमे दर्ज हैं।
राजीव
