– निःशुल्क कोचिंग संस्थान से मुख्य परीक्षा में सफल हुए 30 अभ्यर्थी
– 17 फरवरी से मॉक इंटरव्यू प्रारंभ
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ मुख्य परीक्षा 2022 में समाज कल्याण विभाग की ओर सिविल सेवा परीक्षा के लिए कई जिलों में नि:शुल्क कोचिंग केन्द्र चल रहे हैं।लखनऊ में संचालित छत्रपति शाहूजी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, भागीदारी भवन से आठ, आदर्श पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण (बालिका) केंद्र, अलीगंज से 10 एवं राजकीय आईएएस पीसीएस कोचिंग केंद्र, हापुड़ से 12 अभ्यर्थियों सहित कुल 30 अभ्यर्थियों को लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित यूपीपीसीएस 2022 में साक्षात्कार दिया जाएगा।
विभाग ने मुख्य परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार के लिए वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का पैनल गठित कर लिया है, जिनके द्वारा साक्षात्कार के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं जिज्ञासाओं का समाधान करने के साथ ही मॉक इंटरव्यू कर अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए तैयार किया जाएगा।
भागीदारी भवन, गोमती नगर में संचालित प्रशिक्षण केंद्र में साक्षात्कार के लिए प्रशिक्षण का आयोजन 17 फरवरी से प्रारंभ किया जा रहा है, जिसमें मुख्य परीक्षा में सफल कोई भी अभ्यर्थी निःशुल्क लाभ प्राप्त कर सकता है।
विगत यूपीपीसीएस 2021 में विभाग द्वारा संचालित कोचिंग केंद्रों एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय योजनांतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों में से एसडीएम, डिप्टी एसपी सहित कुल 43 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की थी।
समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने बुधवार को बताया कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सिविल सेवा परीक्षा 2022 के साक्षात्कार की तैयारी के लिए निःशुल्क मॉक इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन के साथ जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जाएगा।
दीपक
