अयोध्या/ लखनऊ(हि.स.)। अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर क्षेत्र के विकास में तेजी लाने और विद्युत व्यवस्था के स्थलीय निरीक्षण के लिए बुधवार को यूपीपीसीएल चेयरमैन एम देवराज ने अयोध्या का दौरा किया। उन्होंने विद्युत के चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और गुणवत्ता तथा समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। अयोध्या में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को विश्वस्तरीय एवं आदर्श व्यवस्था बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। इसके लिए अंडर ग्राउंड के बिलिंग तथा 220 के0वी0ट्रांसमिशन उपकेंद्र दर्शननगर का निर्माण आदि कार्य हो रहा है। महत्वपूर्ण है कि पूरा विद्युत तन्त्र भी भूमिगत किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज मिलेगी एवम् विद्युत चोरी पर भी नियंत्रण रखा जा सकेगा।
अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या का विकास सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। राम जन्म भूमि के कारण आने वाले दिनों में यह देश का बहुत बड़ा पर्यटन और धार्मिक केंद्र होगा। इसलिए यहां की विद्युत व्यवस्था भी उच्चस्तरीय एवं विश्वस्तरीय बनानी है। इसके लिए आप सब युद्ध स्तर पर काम करिए। उ0प्र0 पावर कारपोरेशन द्वारा अयोध्या नगर के अवशेष ऊपर गामी विद्युत तारों को भूमिगत करने का कार्य कराया जा रहा है, जिसमें एच0टी0एल0टी0 ऊपर गामी तारों को भूमिगत करने का कार्य, नई भूमिगत एच0टी0 एवं एल0टी0 लाइन का निर्माण कार्य पावर और वितरण परिवर्तकों की क्षमता वृद्धि का कार्य और नई एल0टी0 उपकेन्द्र 11 की स्थापना का कार्य तथा सर्विस तारों को भूमिगत करने एवं मीटरिंग सिस्टम के साथ लाइन के सुदृढ़ी करण का कार्य कराया जा रहा है।
अध्यक्ष ने दर्शन नगर में निर्माणाधीन ट्रांसमिशन के 220 के0वी0 सब स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपकेन्द्र का निर्माण निश्चित समय पर पूरा हो जाये इसके लिये निर्माण कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा हो। इसमें लापरवाही बिल्कुल भी बरदास्त नहीं की जायेगी।
अध्यक्ष ने उपकेन्द्र के निर्माण में प्रयुक्त हो रहे बिल्डिंग मटेरियल ईटा एवं सीमेंट मौरंग की निर्धारित मानकों का मौके पर परीक्षण भी कराया। उन्होंने निर्देशित किया कि सारे निर्माण कार्य निर्धारित मानक एवं गुणवत्ता के अनुरूप हो यह सुनिश्चित किया जाये।
उपेन्द्र/बृजनंदन
