बलिया (हि. स.)। भाजपा प्रत्याशी आनंद स्वरूप शुक्ल के समर्थन में बैरिया विधानसभा के इब्राहिमाबाद पशु मेला के मैदान पर रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में जाना जाता है। कभी ऐसा भी था जब दुनिया हमारी बात को नहीं सुनती थी परंतु अब भारत की बातों को लोग कान खोलकर सुनते हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि यूक्रेन में चल रही जंग में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्टैंड की दुनिया भर में तारीफ हो रही है। रक्षा मंत्री ने कहा कि याद करिये जब हमारे अर्द्ध सैनिक बलों के जवानों पर हमला हुआ था। प्रधानमंत्री ने मुझे बुलाया । 10 मिनट में प्लान बना और हमारे लड़ाकू विमानों ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। अब हम इस पार भी मारेंगे और यदि जरूरी हुआ तो उस पार भी घुसकर मारेंगे।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का ज़िक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि केंद्र से जब एक रुपये भेजता हूं तो महज 15 पैसे ही लोगों तक पहुंचता है। अब वो दिन लद गये। अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का धन सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंच रहा है। श्री सिंह ने भाजपा के सभी योजनाओं खासकर उज्वला योजना व आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि अब गरीबों के सिर पर छत है तथा उनके घर मे गैस सिलिंडर व चूल्हा दिए। अब होली पर मुफ्त गैस सिलिंडर मिलेगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत में अब कही कोई भ्रष्टाचार नहीं है। हमारे केंद्र व प्रदेश सरकार के किसी मंत्री व नेता पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा यह इसलिए कि हमारा नेतृत्व ऐसा है जो भ्रष्टाचार करने वाले को उल्टा लटका देगा।
रक्षामंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि पहले की सपा सरकार में खनन घोटाला, एंबुलेंस घोटाला, यमुना रिवर फ्रंट घोटाला होता था। गुंडे,माफियाओं की चलती थी। अब प्रदेश में भय व भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं हैं अब माफियाओं को पता है कि बुल्डोजर चल जाएगी। राजनाथ सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आनन्द स्वरूप शुक्ल को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी आनन्द स्वरूप शुक्ल ने कहा कि बैरिया विधानसभा में जो भी समस्याएं हैं, सभी का समाधान किया जायेगा। उन्होंने जनता से आशीर्वाद मांगा। कहा मुझे विजयी बनाकर पूज्य योगी जी को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने में सहयोग करें। इस मौके पर पूर्व सांसद भरत सिंह, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि मंटन वर्मा, विजय बहादुर सिंह, अमिताभ उपाध्याय, ब्लाॅक प्रमुख कन्हैया सिंह, राकेश सिंह, रविप्रकाश सिंह छोटू, मुक्तेश्वर सिंह, तारकेश्वर गोंड, रत्नेश सिंह सहित दर्जनों लोगों ने अपना विचार व्यक्त किया।
बहुत जल्द भारत दुनिया भर के देशों को देगा हथियार
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इम्ब्राहिमाबादकी चुनावी सभा में भोजपुरी बोलकर समां बांध दिया। कहा कि हम बैरिया के लोगन के जानत बानी। उन्होंने जनता से पूछा सरकार जवन भेजअतिया तोहरा लोग के मिलत बा नु ? लोगों ने हामी भरी और जमकर ताली बजाया। वे पूरे कार्यक्रम में अपने सम्बोधन से लोगों को बांधे रहे। रक्षा मंत्री ने कहा यह आत्मनिर्भर भारत है। यहां अब सिर्फ गोली नहीं गोला बनने लगा है। ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर लड़ाकू विमान भी बन रहा है। जल्द ही भारत दुनिया भर के देशों को हथियार देगा।
यूपी में अब चलेगी ट्रिपल इंजन की सरकार
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इब्राहिमाबाद पशु मेला के मैदान में जनता के बीच कहा कि यूपी में अब डबल इंजन की नहीं बल्कि ट्रिपल इंजन की सरकार चलेगी। उन्होंने कहा पहला यूपी में मोदी का विजन दूसरा मुख्यमंत्री योगी का मिशन तथा तीसरा जनता का पार्टिसिपेंट मिलकर प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार तेज रफ्तार से मंजिल तक पहुचाएंगे।
पंकज
