Sunday, April 12, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीययूक्रेन पर हमले के 136 दिन: रूस ने रिहायशी इलाकों में बरसाए...

यूक्रेन पर हमले के 136 दिन: रूस ने रिहायशी इलाकों में बरसाए बम

-रूसी राष्ट्रपति ने पश्चिमी देशों को दी युद्ध में सीधे शामिल होने की चुनौती

कीव (हि.स.)। यूक्रेन पर रूसी सेनाओं के हमले के 136 दिन हो गए हैं, किन्तु रूस का आक्रामक रुख कम होने का नाम नहीं ले रहा है। रूस ने अचानक हमला तेज कर रिहायशी इलाकों में बमबाजी शुरू कर दी। इससे पांच लोगों की मौत हो गयी और बड़ी संख्या में लोग घायल हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 24 फरवरी को शुरू हुई रूस और यूक्रेन के बीच की जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। इसके कारण अब तक लगभग 15 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 4000 से अधिक आम नागरिकों की मौत हुई है जबकि 10 हजार से अधिक सैनिक मारे गए हैं। जान माल के अत्यधिक नुकसान के बावजूद रूस लगातार जोरदार हमले कर रहा है। अब रूस ने पूर्वी यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव के रिहायशी इलाकों में बम बरसाए हैं। इस बमबारी में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से दोनों देशों में तनाव और बढ़ गया है।

इस बीच पश्चिमी देशों की ओर से यूक्रेन की मदद पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने उन्हें युद्ध में सीधे शामिल होने की चुनौती दी है। रूसी राष्ट्रपति ने कहा है कि अगर पश्चिमी देश यूक्रेन का साथ देना चाहते है तो हमारे खिलाफ जंग में सामने से शामिल हो जाएं। पुतिन ने कहा कि रूस पर प्रतिबंधों के कारण यूक्रेन के साथ शांति वार्ता करना कठिन होता जा रहा है। पश्चिमी देश खुद लड़ाई में शामिल न होकर यूक्रेन के लोगों को लड़ने के लिए आगे कर रहे हैं।

संजीव मिश्र/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular