मेरठ (हि.स.)। राज्यसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक और सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है। किसी भी समाज अथवा राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसकी युवा शक्ति ही होती है। भारत की युवा शक्ति को समृद्ध, सशक्त और बलशाली बनाने हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप उप्र के मुख्यमंत्रीयोगी आदित्यनाथ प्रदेश के युवा को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत सशक्त बनाने में लगे हैं।
चौधरी चरण सिंह विवि के इतिहास विभाग में टेबलेट वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि आज का युग डिजिटल युग है। देश और दुनिया को मुट्ठी में कर लेने की ताकत डिजिटल इंडिया में है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा इसी क्रम में युवाओं को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत टैबलेट दिए जा रहे हैं। इसका सदुपयोग अपने शैक्षणिक स्तर को उन्नत की दिशा में करने के लिए विद्यार्थी करेंगे। इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. विघ्नेश कुमार, प्रो. आराधना और डॉ. केके शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। सांसद ने इतिहास विभाग के म्यूजियम का निरीक्षण किया। प्रो. विघ्नेश कुमार ने कहा कि टैबलेट वितरण कार्यक्रम के पश्चात विभाग में नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत समारोह रिफ्रेशर पार्टी भी रखी गई। इससे विद्यार्थियों में जूनियर एवं सीनियर की दृष्टि से परस्पर परिचय समन्वय बेहतर हो सकेगा। रिफ्रेशर पार्टी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अद्भुत छटा बिखरी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रारंभ छात्रा अंबिका चौधरी और खुशबू ठाकुर द्वारा सरस्वती वंदना से किया गया। नृत्य ग्रुप वन में श्रेयांशी, काजल, प्राची, ग्रुप-02 में श्वेता, आर्षप्रीत, ग्रुप-03 में अवंतिका और ऋतु के साथ खुशबू, इशिता, इंदु, अदिति, नेहा आदि ने गायन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. नीरा सक्सेना, डॉ. कुलदीप त्यागी, डॉ. योगेश कुमार, डॉ. सूची, अरशद, कमलकांत, रिंकू, विकास, कालूराम आदि उपस्थित रहे।
कुलदीप
