– 2019 से बड़ी विजय 2024 में मिलेगी
लखनऊ(हि.स.)। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के प्रथम सत्र को संबोधित किया।
इस अवसर पर बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का भविष्य युवा मोर्चा ही है। वर्तमान में जो भाजपा का नेतृत्व कर रहे हैं वह चाहे प्रदेश हो या केंद्र, पहले वह युवा मोर्चा के कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित है। जैसे उत्तर प्रदेश के सभी नगर निगमों की सीटों को भाजपा ने जीता है उसी प्रकार 80 की 80 लोकसभा सीटों पर कमल खिलेगा।
केशव प्रसाद मौर्य ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमृत काल के संकल्प 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर काम करना है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में निकाय चुनाव 2023 में सबसे बड़ी विजय भारतीय जनता पार्टी की हुई है। वर्ष 2019 से भी बड़ी विजय 2024 में भाजपा को मिलेगी। हमारा यूथ भाजपा के साथ है। 2024 में देश के युवाओं के भविष्य का सवाल है। विश्व का नेतृत्व करने वाले भारत का सवाल है। ये करो या मरो का सवाल है। इसलिए 2024 तक सब कुछ जाइए भूल केवल याद रखिए कमल का फूल। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ही देश के युवाओं का भविष्य उज्जवल होगा।
युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश पदाधिकारी लखनऊ आए हैं। इसमें युवा मोर्चा के सभी जिलों के जिला अध्यक्ष व महामंत्री बुलाये गये हैं। भाजपा द्वारा चलाए जा रहे हैं महा जनसंपर्क अभियान को लेकर भी बैठक में चर्चा होगी। प्रदेश कार्यसमिति के दूसरे सत्र को युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने भी संबोधित किया। समापन सत्र में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी।
बृजनंदन
