Wednesday, March 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयुवाओं ने प्रदर्शन कर कहा, दमन नहीं रोजगार दे सरकार

युवाओं ने प्रदर्शन कर कहा, दमन नहीं रोजगार दे सरकार


प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर रोजगार बने मौलिक अधिकार नारे पर आयोजित राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस व जुमला दिवस युवा मंच ने गुरुवार को पूरे प्रदेश में आयोजित किया। कहा कि दमन नहीं रोजगार दे सरकार और साथ ही गिरफ्तार युवाओं की रिहाई की मांग की। प्रयागराज के बालसन चौराहे पर हजारों की संख्या में युवा मंच के बैनर पर भर्ती में संविदा प्रथा खत्म करने, खाली पदों को भरने, रोजगार को मौलिक अधिकार बनाने, निजीकरण पर रोक लगाने जैसे सवालों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन में प्रशासन द्वारा युवाओं से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन लेने के बजाय और युवा मंच अध्यक्ष अनिल सिंह, अमरेन्द्र सिंह सहित ग्यारह युवाओं को गिरफ्तार कर लेने की युवा मंच संयोजक राजेश सचान ने निन्दा की। 
गिरफ्तारी के पूर्व प्रदर्शन के दौरान युवा मंच के अध्यक्ष अनिल सिंह व अमरेंद्र सिंह ने कहा कि योगी सरकार सरकारी नौकरी में संविदा के प्रस्ताव ने युवाओं के जले पर नमक छिड़कने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पहले ही प्रदेश में भर्तियां ठप हैं, बेरोजगारी चरम पर है। कहा कि किसी भी कीमत पर संविदा के प्रस्ताव को लागू नहीं होने दिया जायेगा।
आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व आईजी एस.आर दारापुरी, युवा हल्ला बोल के गोविन्द मिश्र, इविवि के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष लाल बहादुर सिंह, वर्कर्स फ्रंट के अध्यक्ष दिनकर कपूर आदि ने युवाओं पर हुए लाठीचार्ज व गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मोदी-योगी सरकार को युवाओं पर दमन ढहाने की जगह रोजगार के सवाल को हल करना चाहिए। 
नेताओं ने सरकार से बिना शर्त अविलंब युवाओं की रिहाई की मांग करते हुए कहा कि दमन से युवा आंदोलन रूकने वाला नहीं है। बल्कि यदि सरकार ने रोजगार के सवाल को हल नहीं किया तो यह उसके लिए घातक साबित होगा। 
गिरफ्तार छात्रों में युवा मंच के अध्यक्ष अनिल सिंह, अमरेंद्र सिंह बाहुबली, सतेंद्र सिंह, अनंत प्रताप सिंह, अंकित पटेल, शिवम तिवारी, प्रभाकर गुप्ता, कृष्ण कुमार दिवाकर, राकेश कुमार, अंकित अकेला, सुनील वर्मा शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular