लखनऊ (हि.स.)। रेलवे भर्ती को लेकर पटना व प्रयागराज में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की कांग्रेस पार्टी ने कड़े शब्दों में निन्दा की है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से हमने पिछले 48 घंटों में छात्रों पर लाठियां बरसाते हुए देखी हैं, छात्रों को खून से लथपथ देखा है, वह शर्मनाक है। यह सभ्य समाज, लोकतंत्र पर धब्बा जैसा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नौजवानों के साथ खिलवाड़ कर रही है। यह सिर्फ बिहार या उत्तर प्रदेश का मामला नहीं है, आप देश के किसी भी कोने में चले जाइए, आज युवाओं के पास नौकरी नहीं है। उन्होंने सिर्फ रोजगार को नष्ट करने का, एक इंस्टीट्यूशनल वे में रोजगार को खत्म करने का काम किया है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि 28 जनवरी को छात्रों का रेल रोको आंदोलन है, इसको कांग्रेस पार्टी का समर्थन है। देश के युवा को सिर्फ और सिर्फ रोजगार चाहिए और भाजपा सरकार युवाओं के रोजगार की बात छोड़कर हर बात करती है। इस हाड़ कंपाने वाली ठंड में बिहार, उत्तर प्रदेश युवा दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार की सो रही सरकारों को जगाने के लिए रेलवे ट्रैक पर बैठे हैं। सरकार का काम लाठियां बरसाना, धमकाना, लहूलूहान करना नहीं, बल्कि संवाद स्थापित करना है।
बृजनन्दन
