Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयुवती ने भगवान कृष्ण से किया विवाह

युवती ने भगवान कृष्ण से किया विवाह

-पूरे परिवार की रही सहमति, माता-पिता ने कहा कि पुत्री ने पुनीत कार्य किया

औरैया (हि.स.)। जिले के बिधूना कस्बा के भरथना रोड़ निवासी एक युवती ने भगवान कृष्ण के साथ विवाह कर लिया। युवती ने भक्ति में लीन होकर योगेश्वर श्रीकृष्ण की प्रतिमा के साथ सात फेरे लिये। इस दौरान परिजनों की सहमति के साथ विवाह की सभी रस्में हिंदू रीति रिवाज के साथ निभाई गयीं।

लड़की रक्षा ने बताया कि उसका भगवान कृष्ण से लगाव है। उसे काफी दिनों से सपने आ रहे थे। दो बार सपने में भगवान ने उसके गले में वरमाला डाली है। बताया कि चारों ओर से शादी का दबाव बन रहा था तो मैंने किसी युवक के बजाए भगवान से ही शादी कर ली। उसने बताया कि भगवान कृष्ण से शादी कर ली है। भगवान से शादी करके बहुत अच्छा लग रहा है। शादी के दौरान सभी रीति रिवाज पूरे किये गये। शादी में माता-पिता के साथ सभी परिजन शामिल हुए थे।

बड़ी बहन अनुराधा ने बताया कि रक्षा का विवाह परिजनों व रिश्तेदारों की सहमति से भगवान कृष्ण के साथ किया गया है। सभी लोग शादी में शमिल हुए थे। हम लोग बहुत खुश हैं। भगवान अब हमारे रिश्तेदार बन गये हैं। यह हमारा सौभग्य है। रक्षा का बचपन से ही भगवान से लगाव रहा है। यह हमेशा कहती थी कि हम भगवान से ही शादी करेंगे। चारों ओर से रक्षा की शादी का दबाव था तो रक्षा ने कहा कि हम भगवान से ही शादी कर लें। फिर भगवान से शादी कर ली। रक्षा की उम्र 30 वर्ष है। सभी की मौजूदगी में धूमधाम से शादी हुई है।

मां शक्ति देवी ने कहा कि हम बहुत अच्छे नजर से देखते हैं। उसने जो किया अच्छा किया है। हमारी उसके इस शुभ कार्य में सहमति है। शादी की सभी रस्में हिन्दू रीति रिवाज से निभाई गयी हैं। मैं बहुत खुश और संतुष्ट हूं।

पिता रणजीत सिंह सोलंकी पूर्व प्रधानाचार्य ने कहा कि इस पुनीत कार्य के लिए हम सभी सहमत हैं। उसने बहुत अच्छा निर्णय लिया है। रक्षा शुरू से ही ईश्वर भक्ति में लीन रही है। सुबह शाम एक-एक घंटे भगवान कृष्ण की पूजा करती थी। बताया कि उसकी शादी के लिए अनेकों बार बात की गयी पर उसने हमेशा कहा कि मैं भगवान कृष्ण से ही शादी करूंगी। उसके इस पुनीत विचार से हम लोग भी सहमत हुए और हमने भगवान से उसकी शादी के पूरे रीति रिवाज निभाये।

रणजीत सिंह सोलंकी व शक्ति देवी के चार बच्चे हैं। जिनमें तीन बेटियां व एक बेटा है। रक्षा बीच की बेटी है। बड़ी बहन का नाम अनुराधा व छोटी का नाम शिखा है। भाई का नाम आनंद सोलंकी है।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular