– एक अक्टूबर को युवती का भटौली पुल पर मिला था शव
– एसपी खुद मामले का संज्ञान लेकर जांच को पहुंचे कछवां
मीरजापुर (हि.स.)। कछवां क्षेत्र के एक गांव में लड़की द्वारा सुसाइड नोट छोड़कर लापता और आत्महत्या करने का मामला स्थानीय पुलिस के गले की फांस बन बैठा है। मामले की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने कछवां थाने पहुंचकर पूछताछ की। कहा कि मामले में एफआर लगाई गई है, जिसको लेकर युवती लापता है। उसकी गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उसको तलाश कर रही है।
वहीं मुकदमें को फिर से केस दर्ज कर विवेचना के लिए आदेश कर दिए गए हैं। साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्रीकांत प्रजापति की देख रेख में स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम में तीन इंस्पेक्टर एक महिला इंस्पेक्टर को शामिल करके गठन किया गया है, जो पूरे मामले की फिर से जांच करेगी। पुलिस अधीक्षक ने टीम के साथ बरैनी गांव स्थित पक्का पुल का मुआयना किया जहां सुसाइड नोट चुनरी के साथ मिला था। आशंका है कि युवती गंगा में कूदी है।
कछवां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का सुसाइड नोट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें उसने गांव के एक युवक पर दुष्कर्म करने और पुलिस द्वारा उसको पकड़कर छोड़ देने का आरोप लगाया है। चार दिन पहले एक अक्टूबर को बरैनी पुल पर सुसाइड नोट और युवती का कुछ सामान भी मिला था। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवती ने गंगा नदी में छलांग लगा चुकी है। पुल के पास उसकी चुनरी और चप्पल मिली है।
युवती के पिता का आरोप है कि पहले सुसाइड नोट मिलने के बाद भी युवती की खोजबीन नहीं की गई। घर पर भी सुसाइड नोट मिला है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पर पिता ने आरोप लगाया कि उनकी 21 वर्षीय पुत्री को बहला कर वाराणसी ले गया। वहां से उसे चुनार ले आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद युवक ने अपने साथियों के साथ उसको भेज दिया। इसके बाद युवती कानपुर चली गई। वहां से किसी तरह परिजन से सम्पर्क किया। परिजन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे कानपुर से लेकर आई। उसका मेडिकल और बयान कराया गया। युवती से पूछताछ के बाद पुलिस ने दो-तीन लड़कों को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया। वहीं युवती के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी ने गंगा में कूदकर जान दे दी है। बहरहाल मामला जो भी हो अब जनपद के आला अधिकारी के नजर में होने से मामला हाई प्रोफाइल बन गया है। वही गंगा में युवती को तलाशने के लिए एनडीआरएफ गोताखोरों की टिम भी लगा दिया गया है।
गिरजा शंकर
