मुरादाबाद (हि.स.)। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में बीती 30 अप्रैल को अपनी मौसेरी बहन के साथ सब्जी खरीदने जा रही युवती की स्कूटी में उसी के गांव के ही रहने वाले शोहदे ने छेड़छाड़ की थी और विरोध करने पर स्कूटी में टक्कर मारने के बाद उसके साथ मारपीट की थी। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के अगवानपुर चौकी क्षेत्र निवासी युवती के अनुसार बीते रविवार 30 अप्रैल को वह अपनी मौसेरी बहन के साथ स्कूटी पर सब्जी खरीदने जा रही थी। उसी समय गांव का ही रहने वाला शिवम दोपहिया वाहन लेकर उसका पीछा शुरू कर दिया। आरोप है कि शिवम ने युवती को राह चलते अश्लील इशारे किए। पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी भड़क गया। उसने अपनी बाइक से युवती की स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार युवती और उसकी मौसेरी बहन सड़क पर गिर गई। इतना ही नहीं आरोपी ने इसके बाद उससे मारपीट की व शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गया।
पुलिस को तहरीर देकर पीड़िता ने बताया कि बीते काफी समय से आरोपी उसका पीछा कर रहा था। उसकी हरकतों के कारण घर से निकलना मुश्किल हो गया था। एसएचओ सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट, धमकी देने समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। आज अगवानपुर चौकी प्रभारी मृदुल कुमार की टीम ने आरोपी शिवम निवासी काजीपुरा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
निमित/आकाश
