Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयुवक ने पड़ोसियों पर चाकू से किया हमला, दम्पति और आरोपी सहित...

युवक ने पड़ोसियों पर चाकू से किया हमला, दम्पति और आरोपी सहित चार घायल

शाहजहांपुर(हि.स.)। चौक कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को पड़ोसी के घर में रुके युवक ने शरण देने वाले दंपति और उनके बेटे को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। बीच-बचाव के दौरान आरोपी भी घायल हो गया। पुलिस ने चारों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

चौक कोतवाली क्षेत्र निवासी जब्बार खां (22) और आसिफ खां (63) के परिवार के बीच घनिष्टता है। दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर पर आना-जाना है। बीती रात जब्बार, आसिफ के घर रुक था। बुधवार की सुबह साढ़े तीन बजे आसिफ की पत्नी तलतजहां (56) नमाज पढ़ने के लिए उठी। इसी बीच जब्बार और तलतजहां के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आक्रोशित जब्बार रसोई घर से चाकू उठा लाया और तलतजहां पर चाकू से हमला कर दिया। शोर-शराबा होने पर आसिफ और उनका 22 वर्षीय पुत्र जाग गए। उन्होंने तलतजहां को बचाने का प्रयास किया तो जब्बार ने उन पर भी चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। बीच बचाव करने के दौरान आरोपी जब्बार भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है जहां सभी का उपचार चल रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर सुधीर जायसवाल ने बताया कि घटना में आरोपी और दम्पति सहित चार लोग घायल है। किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

अमित/दीपक/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular