Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयुवक ने झूठ बोलकर मुस्लिम महिला से निकाह किया, पति समेत 11...

युवक ने झूठ बोलकर मुस्लिम महिला से निकाह किया, पति समेत 11 लोगों पर एफआईआर

बदायूं (हि.स.)। एक युवक ने झूठकर बोलकर मुस्लिम महिला से निकाह कर लिया। जबकि वह पहले भी पांच लड़कियों को अपने झांसे में फंसाकर शादी कर चुका है। वह मुस्लिम बनकर मुस्लिम लड़कियों को और हिन्दू बनकर हिन्दू लड़कियों को अपने जाल में फंसाता है। इसमें उसका पूरा परिवार सहयोग करता था। इस मामले में जब युवक की मुस्लिम पत्नी ने अपने ससुराल वालों से शिकायत की तो उल्टा उसे ही जान से मारने की धमकी मिल रही है। पीड़ित महिला के शिकायत करने पर पुलिस ने उसके पति सहित परिवार के 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पीड़ित महिला ने कोतवाली पुलिस को दी अपनी शिकायती पत्र में कहा है कि वह दातागंज की रहने वाली है। उसका निकाह हाथरस जनपद के मानिकपुर निवासी शाहरूख खां उर्फ श्याम के साथ दो मार्च 2022 को हुआ था। हैसियत के मुताबिक, दहेज में ढाई लाख रुपये कैश, 10 तोला सोना, 15 तोला चांदी और एक बोलेरो कार दी थी। निकाह के बीस दिन बाद ही उसका पति एक दूसरे समुदाय की लड़की को लेकर भाग गया। इस मामले में जब उसने अपने ससुरालियों से शिकायत की तो वे लोग भी अपने बेटे का समर्थन किए। वे लोग उल्टा उससे दहेज में दस लाख रुपये की डिमांड करने लगे। विरोध पर उससे मारपीट की और अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

बाद में उसे पता चला कि शाहरूख ने उसके साथ ही नहीं बल्कि झूठ बोल कर पांच अन्य युवतियों से भी शादी की है। वह मुस्लिम बनकर मुस्लिम लड़कियों को और हिन्दू बनकर हिन्दू लड़कियों को अपने जाल में फंसाता है। दहेज के नाम पर उनसे रकम और जेवर, घरेलू सामान मंगाता है।

इसको लेकर पीड़ित महिला ने शुक्रवार देर रात दातागंज कोतवाली में तहरीर दी है। उसने अपने पति शाहरुख खां उर्फ श्याम, ससुर हैदर अली उर्फ बशीर खां उर्फ वीरेंद्र सिंह, सास अमीना बेगम उर्फ मीना देवी सहित 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

इस मामले में दातागंज कोतवाली प्रभारी सौरभ सिंह ने शनिवार को बताया कि एक महिला ने अपने पति और ससुरालियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। उसने बताया कि झूठ बोलकर उसके पति ने उससे निकाह किया है। वो पहले भी पांच लड़कियों से शादी कर चुका है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अरविंद/दीपक/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular