फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना टूंडला क्षेत्र में अन्तर्गत गुरुवार को एक युवक ने तमंचे से गोली मार कर खुदकुशी कर ली। मृतक के परिजनों पर ही ससुरालीजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना टूंडला क्षेत्र के गांव बन्ना निवासी रामनरेश यादव (32) तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह एफएच मेडीकल कॉलेज में एंबुलेंस चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। बताया गया है कि गुरुवार को रामनरेश ने तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी हुई। घटना की जानकारी पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना टूंडला इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार समेत काफी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के ससुर रघुवीर सिंह ने उसके परिजनों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके माता-पिता छोटे दो बेटों में ही प्रॉपर्टी का बंटवारा करना चाह रहे थे। इसी बात को लेकर आए दिन उनके और मृतक दामाद के बीच झगड़ा भी होता था। गुरुवार को झगड़ा हुआ था जिसके बाद दामाद रामनरेश ने यह कदम उठाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस सम्बंध में इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया प्रथम दृष्टया युवक ने आत्महत्या की है। बाकी सभी पहलुओं पर मामले की जांच की जा रही है।
कौशल
