Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयुवक की हत्या में दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज

युवक की हत्या में दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज

सुलतानपुर (हि.स.)। कादीपुर कोतवाली के एक दरोगा और तीन सिपाहियों पर युवक की हत्या का आरोप लगा है। देर रात चार घंटे तक कोतवाली क्षेत्र के पटेल चौक पर परिवारवालों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने दोषी पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्जकर करने की बात पर परिजनों ने धरना समाप्त किया।

आजमगढ़ जिले के मेहनगर थानाक्षेत्र स्थित गोपालपुर निवासी अंकुश सिंह (20) कादीपुर कोतवाली के अटरा राईबीगो में अपने जीजा हरिशंकर सिंह के घर पर रहता था। सोमवार रात वो ट्रैक्टर ट्राली पर लकड़ी लादकर कही ले जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि दरोगा अखिलेश सिंह, सिपाही जितेंद्र, दानिश और सुरेंद्र ने सोनालिका ट्रैक्टर एजेंसी के पास उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस कर्मियों द्वारा युवक का ट्रैक्टर कोतवाली ले जाने का दबाव बनाने लगे।

युवक ने जाने से इनकार किया तो उसे किनारे ले जाकर दस हजार की मांग की। युवक ने पैसे देने से मना किया तो पुलिस कर्मियों ने कहा कि कोतवाल का दबाव है कि ट्रैक्टर कोतवाली ले चलना पड़ेगा। इसके बाद ट्रैक्टर सिपाही दानिश ने चलाना शुरू किया और युवक अंकुश व लेबरों को बोनट पर बैठाया। आरोप है कि आगे गड्ढे वाली रोड पर सिपाही ने अंकुश को धक्का दिया वो वह बोनट से नीचे गिर गया और पहिये के नीचे दबकर उसकी मौत हो गई।

सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को कोतवाली क्षेत्र के पटेल चौक पर रखकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर सीओ कादीपुर शिवम मिश्रा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिवार वालों को समझाया, लेकिन परिवार वाले आरोपी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने की बात पर अड़ गये। तब करौंदीकला, चांदा, लंभुआ, मोतिगरपुर, दोस्तपुर, अखंडनगर, जयसिंहपुर थाने की फोर्स बुलाई गई।

इसके बाद रात एक बजे के बाद अपर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार की बात को सुना और अंत में उन्हें आश्वस्त किया कि दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने मुकदमा कायम करने के लिये तहरीर मांगा। परिवार वालों ने दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ तहरीर दी है, जिस पर मुकदमा दर्ज हुआ है। तब जाकर परिवार के लोग शांत हुए।

दयाशंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular