गाजियाबाद(हि.स.)। जिले की थाना निवाड़ी पुलिस ने एक युवक की हत्या के आरोपित को बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से आरोपित घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस उपायुक्त रवि कुमार ने बताया कि कपिल के सिर में गोली मारकर अज्ञात बदमाश ने हत्या कर दी थी। इसके संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना निवाडी पर तत्काल सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया तथा शव का पोस्टमार्टम कराया गया। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमों का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि अभियुक्त कल्लू ऊर्फ भूपेन्द्र को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। वह मेरठ जिले के ग्राम अमानुल्लापुर ऊर्फ मल्लाहपुर का रहने वाला है। उसके पैर में गोली लगी है। उसका एक साथी लोकेन्द्र ऊर्फ लुक्का पुत्र मानसिहं निवासी ग्राम भदौडा, जिला मेरठ भागने में सफल रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। भूपेन्द्र ने पूछताछ में बताया कि 06 जुलाई को मेरे मामा के लड़के कपिल निवासी मोहम्मदपुर, गाजियाबाद ने मुझे मेरे मांगने पर पैसे नहीं दिये थे तथा मां बहन की गालिया दी थी। इसी बात को लेकर मेरा कपिल से झगड़ा हो गया था उसने मुझे काफी भला बुरा कहा था जिस कारण मैंने अपने साथी लोकेंद्र के सहयोग से कपिल के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी।
फरमान अली/पवन
