लखनऊ, 26 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) ने यात्रियों की सुविधा के लिए बसों को बाईपास के बजाय शहर के भीतर से चलाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभी तक बस परिचालक सवारियों को गुमराह करके शहर के भीतर बसें न ले जाकर बाईपास पर जबरन उतार दे रहे हैं। इसके लिए यात्रियों की ओर से लगातार शिकायतें की जा रही हैं।
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक धीरज साहू ने रोडवेज बसों के बाईपास सेवा को बंद करके शहर के भीतर से बसें चलाने का निर्णय लिया है। यात्रियों को बसों की सेवाएं शहर, गांव और कस्बों तक देने के लिए बाईपास सेवा धीरे-धीरे बंद की जा रही हैं।
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक धीरज साहू की ओर से यात्री हित में लिए गए निर्णय का पालन हो रहा है या नहीं। इसके लिए बस परिचालकों के ड्यूटी स्लिप पर स्टेशन इंचार्ज को रोजाना दस बसों का ब्यौरा अब अपने अधिकारी को उपलब्ध कराना होगा। परिवहन निगम मुख्यालय के अधिकारी अब रोजाना इसकी समीक्षा करेंगे।
परिवहन निगम मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि ठंड को देखते हुए रोडवेज बसें बाईपास की बजाय शहर के भीतर से गुजरेंगी। इससे शहर के यात्रियों को 24 घंटे बसों की सेवाएं मिलेंगी। इससे रोडवेज के राजस्व में भी वृद्धि होगी। इसके अलावा निजी वाहन मालिकों को बसों से जोड़ने का मौका भी मिलेगा। दूसरी ओर बसों की सुविधा बराबर मिलने पर ठंड और कोहरे के बीच कम से कम लोग निजी वाहनों का उपयोग करेंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रियों को बाईपास पर जबरन उतारने की शिकायतें आ रही हैं। बस चालक और परिचालक बाईपास से बस ले जा रहे हो या जबरन बाईपास पर उतार रहे हो तो यात्री परिवहन निगम के हेल्पलाइन नम्बर 18001802877 या 9415049606 पर बस नम्बर सहित अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज बसों को शहर के अंदर से चलाने की तैयारी शुरू
RELATED ARTICLES
