लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की मांग पर लखनऊ-रांची त्योहार स्पेशल ट्रेन(08612) का संचालन गुरुवार सुबह 09 बजे लखनऊ से शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश को झारखंड से जोड़ने वाली इस स्पेशल ट्रेन के चलने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, 08612 लखनऊ-रांची त्योहार स्पेशल ट्रेन का संचालन यात्रियों की मांग पर लखनऊ से गुरुवार सुबह 09 बजे से शुरू कर दिया गया है। यह स्पेशल ट्रेन वाराणसी 15:50 बजे,पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर 17:02 बजे, सासाराम 18:09 बजे, डालटनगंज 21:52 बजे, बरकाकाना 01:45 बजे, रामगढ़ कैंट 02 बजे और मूरी 02:50 बजे होते हुए अगले दिन 876 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सुबह 4:15 बजे रांची पहुंचेगी। ट्रेन में एसएलआर के 02 कोच, सामान्य श्रेणी के 04 कोच, द्वितीय श्रेणी स्लीपर के 06 कोच, वातानुकूलित 3-टियर का 01 कोच सहित कुल 13 बोगियां लगाई गई हैं।
इसी तरह से 09759 आजमगढ़-दिल्ली पूजा स्पेशल ट्रेन गुरुवार शाम आजमगढ़ से 04 बजे चलेगी। यह ट्रेन लखनऊ से रात 11:05 बजे होते हुए दूसरे दिन 796 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए सुबह 07 बजे दिल्ली पहुंचेगी। ट्रेन रास्ते में सरायमीर,खोरासन रोड, शाहगंज, अकबरपुर,अयोध्या, अयोध्या कैंट, लखनऊ,कानपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। दोनों ट्रेनों के सभी कोच आरक्षित श्रेणी के हैं। यात्रियों के लिए कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य है।
