-बॉडी वार्न कैमरे के साथ तैनात होंगे पुलिसकर्मी
कानपुर(हि.स.)। ड्यूटी के दौरान यातायात के सिपाही से मारपीट मामले में जांच पूरी करते हुए पन्द्रह दिन के अन्दर चार्जशीट न्यायालय भेजी जाएगी। यह जानकारी देते हुए ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बुधवार को कहा कि न्यायालय से अपील करेंगे ऐसे मामले फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर अतिशीघ्र समाज को एक नया संदेश दिया।
उन्होंने आगे कहा कि कोतवाली थाने में मंगलवार को दर्ज हुए मुकदमे की जांच तेजी से की जा रही है। घटनास्थल से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज में अधिवक्ताओं द्वारा की गई मारपीट का नजारा कैद है। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए पारदर्शिता से काम करने का रास्ता निकाला जाएगा।
उन्होंने कहा कि अब पुलिस कर्मियों की तैनाती बॉडी वार्न कैमरे के साथ की जाएगी। जिससे यदि कोई वारदात होती है, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं वहां उनका प्रयोग किया जा सके। इसके साथ ही यदि इस दौरान यदि पुलिस कर्मी कोई गलत कार्य करता है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा सके।
श्री तिवारी ने कहा कि न्यायालय से अपील करेंगे कि कानून की जानकारी रखने वाले और कानून का पालन करने वाले लोग जब समाज के बीच गलत कार्यों में लिप्त होते हैं और मारपीट करते और जनता के साथ अभद्रता करते हैं। उन्हें चिन्हित किया जाए और उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए और होनी चाहिए,ताकि ऐसे दबंगों का मनोबल टूटे और समाज के बीच में कानून के प्रति अच्छा संदेश जा सके। इसके साथ ही सरकार के मंशा के अनुरूप माहौल तैयार करने में आसानी हो। हम न्यायालय से अपील करेंगे कि ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए अलग से फास्टट्रैक कोर्ट में सुनवाई की जाए, जिससे उन्हें दंडित करते हुए कानून का राज्य कायम किया जा सके।
राम बहादुर
