लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग में कार्यरत यांत्रिक संवर्ग के नवप्रोन्नत 17 अधीक्षण अभियंताओं का मंगलवार को पद स्थापना किया गया। सिंचाई विभाग के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने विकल्प चयन साफ्टवेयर के माध्यम से पूर्ण पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ पद स्थापना कराया है।
सिंचाई विभाग के गौरवशाली 200 वर्ष में प्रवेश करने के बाद पद स्थापना की कार्यवाही को पारदर्शी बनाने के लिए विकल्प चयन साफ्टवेयर का उपयोग हो रहा है। इसके माध्यम से नवप्रोन्नत या पदोन्नत होने वाले अभियंताओं को मनचाहे स्थान पर पद पाने का मौका मिलता है।
उदयगंज स्थित सिंचाई विभाग के मुख्यालय में प्रमुख अभियंता के सभागार में पद स्थापना के लिए विकल्प कार्यक्रम हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने मंगलवार को सभी अधीक्षण अभियंताओं को उनके तय स्थान पर पूर्ण विश्वास व मेहनत से कार्ययोजना पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
नवप्रोन्नत अधीक्षण अभियंताओं को संदेश देते हुए मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि सिंचाई विभाग के अधिकारी, कर्मचारी में आये कार्य बदलाव के पीछे उनकी मेहनत है। वर्तमान समय में कार्ययोजना को जमीन पर उतारने के लिए अभियंताओं की ओर से दिन-रात मेहनत की जा रही है। उम्मीद है कि आगे भी सरल भाव से मेहनत पर सिंचाई विभाग के कार्यों को समय से जमीन पर उतारने में कामयाबी मिलेगी।
इस अवसर पर सिंचाई विभाग के विभागाध्यक्ष अनिल कुमार, प्रमुख सचिव अखिलेश कुमार, प्रमुख सचिव देवेन्द्र, प्रमुख सचिव आलोक कुमार सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
शरद/मोहित/राजेश
