Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयह चुनाव देवासुर संग्राम की तरह, हमें भ्रष्टाचार और अराजकता रूपी दानव...

यह चुनाव देवासुर संग्राम की तरह, हमें भ्रष्टाचार और अराजकता रूपी दानव का नाश करना है : योगी

– चार जिलों के दौरे पर निकले योगी ने सीतापुर में की पहली चुनावी सभा

सीतापुर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नगरीय निकाय चुनाव के प्रचार के लिए शुक्रवार को अपने चार जिलों के दौरे पर निकले हैं। सबसे पहले उन्होंने सीतापुर में मिश्रित मेला मैदान में आयोजित जनसभा में जनता को संबोधित करते हुए भाजपा उम्मीदवारों को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह चुनाव देवासुर संग्राम की तरह है। हमको भ्रष्टाचार और अराजकता रूपी दानव का नाश करना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीर्थ भूमि नैमिष को नमन करते हुए कहा कि हजारों वर्षों से दुनिया का इतिहास उंगलियों पर गिन सकते हैं, लेकिन इससे भी पुराना इतिहास इस जनपद और नैमिष का है। यहां आने से जीवन धन्य हो जाता है, देवासुर संग्राम में महर्षि दधीचि ने अपनी अस्थियां यहीं दान दी थी। यह चुनाव भी हमारे लिए देवासुर संग्राम तरीके का ही है। हमको भ्रष्टाचार, अराजकता रूपी दानव का नाश करना है।

योगी ने कहा कि सरकार आज बिना किसी भेदभाव के गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है मुख्यमंत्री ने कहा कि 2.50 लाख गरीबों को सीतापुर में आवास का लाभ मिला है। सीतापुर जनपद की दरी विश्व में अपनी पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले गरीबों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था।अब बिना भेदभाव के गरीबों को लाभ मिल रहा है। हमारी सरकार सबके साथ खड़ी है। पिछली सरकार में तो एक वर्ग विशेष के लिए योजनाएं थी, आज डबल इंजन की सरकार में योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में भारत की तकदीर तस्वीर बदली है। नौ वर्ष पहले देश के प्रति अविश्वास का माहौल था। जगह जगह भ्रष्टाचार व्याप्त था। आज नौ वर्ष बाद भारत की तस्वीर बदली है। आज दुनिया संकट के दौर में भारत की ओर देखती है।

अभी आप ने अफ़्रीकी देश सूडान में हालात देखा। अभी दुनिया सोच ही रही थी कि प्रधानमंत्री मोदी के निर्देशन में भारत ने अपने नागरिकों को सकुशल निकाला है। उत्तर प्रदेश के भी सैकड़ों नागरिक वापस आ गये हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हो रहा है। साथ में विरासत का भी सम्मान हो रहा है। काशी, अयोध्या और मथुरा का कायाकल्प हो रहा है। बहुत जल्द नैमिषारण्य सीतापुर में इलेक्ट्रिक बस चलने वाली हैं। बहुत जल्द यहां से लखनऊ की हेलीकाप्टर सेवा भी चालू हो जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखीमपुर, बलरामपुर और गोरखपुर जाएंगे।

इस दौरान लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद, कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही, नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर गुरु, भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी, आशा मौर्य, रामकृष्ण भार्गव, शशांक त्रिवेदी, मनीष रावत निर्मल वर्मा, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा मौजूद रहें।

महेश शर्मा/दिलीप शुक्ल

RELATED ARTICLES

Most Popular