Wednesday, March 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेश यमुना नदी में डूबे किशोर की तलाश में एसडीआरएफ की टीम का...

 यमुना नदी में डूबे किशोर की तलाश में एसडीआरएफ की टीम का रेस्क्यू जारी

बांदा (हि.स.)। अपने दोस्तों के साथ नवरात्रि में देवी दर्शन को आया किशोर नहाते समय मरका थाना क्षेत्र अंतर्गत यमुना नदी में 14 दिन पहले डूब गया था। डर के चलते दोस्तों ने उसके घर में घटना की जानकारी नहीं दी। मृतक के पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 12 दिन बाद पुलिस ने जब सर्विलांस की मदद ली तब तीनों दोस्तों की लोकेशन यमुना नदी के पास मिली। पुलिस ने मृतक के दोस्तों से पूछताछ की, तब घटना की सच्चाई का पता चला। जानकारी मिलते ही नेशनल इंटीग्रेटेड रिस्पांस सिस्टम (एसडीआरएफ) की टीम को बुलाकर दो दिनों से रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा है।

बबेरू कस्बे के रहने वाले सुरजीत कुमार (17) बीती 29 मार्च को दोस्त शुभम कुमार और रोहित कुमार के साथ बाकल गांव जोगनी माता मंदिर में दर्शन करने के लिए आया था। इस दौरान तीनों यमुना नदी में नहाने लगे। नहाते समय सुरजीत गहरे पानी पर चला गया और डूब गया। उसके युमना नदी में डूबने की जानकारी डर के कारण दोनों दोस्त रोहित और शुभम ने किसी को नहीं बताई। दोनों चुपचाप अपने-अपने घर चले गए। पिता सीताराम ने बेटे को सभी जगह खोजा लेकिन वह नहीं मिला। इस पर उन्होंने एक अप्रैल को बबेरू थाना में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई। थाना पुलिस के काफी तलाश के बाद लापता किशोर नहीं मिला। इसको लेकर परेशान पिता पुलिस अधीक्षक से मिला और प्रार्थना पत्र सौंपा।

एसपी के निर्देश पर सक्रिय हुई सर्विलेंस टीम ने किशोर की मोबाइल लोकेशन निकाली। इस दौरान उसके दोस्त शुभम और रोहित के मोबाइल की आखिरी लोकेशन लापता सुरजीत के पास होने की मिली। बबेरू पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि वह यमुना नदी में डूब गया था। इसकी जानकारी पर बाकल, मरका, सिंह वाहिनी दादो घाट पर जाल डालकर एसडीआरएफ की टीम डूबे हुए किशोर की तलाश में जुटी हुई हैं। लेकिन अभी तक युवक की तलाश नहीं हो पाई है।

क्षेत्राधिकारी बबेरू राकेश कुमार सिंह ने इस संबंध में बुधवार को बताया कि नवरात्रि के समय सुरजीत नाम का किशोर अपने दो साथियों के साथ बाकल गांव के देवी मंदिर में दर्शन करने को आया था। वहां उसने यमुना नदी में स्नान किया तभी वह गहरे पानी में चला गया। जिससे वहीं पर डूब गया। उसके साथ गए दोस्तों ने इस घटना की जानकारी न तो मृतक के घर में दी और न ही अपने परिवार में किसी को बताया। जिससे किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। पिता अपने बेटे को ढूंढता रहा, जब कहीं पता नहीं चला तब गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब उनके दोस्तों से पूछताछ से पता चला कि वह युमना नदी में डूब गया था। इस जानकारी पर एसडीआरएफ की मदद से नदी में उसके शव को खोजने का काम किया जा रहा है।

अनिल

RELATED ARTICLES

Most Popular