Tuesday, April 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमौसम में बदलाव होते ही अस्पतालों में बढ़ने लगे मरीज

मौसम में बदलाव होते ही अस्पतालों में बढ़ने लगे मरीज

एटा (हि.स.)। मार्च महीने की शुरुआत हो गई है। धीरे-धीरे मौसम में भी बदलाव आना शुरू हो गया है। पल-पल बदलते मौसम के तेवर के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। पखवाड़े भर से मौसम ने अपना रुख बदला है। गलन भरी सर्दी नहीं है। उस पर धूप निकलने से लोगों को राहत महसूस हो रही है। मौसम के इस बदलाव में बीमारियां दोबारा जोर पकड़ने लगी हैं।

जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ पहुंच रही है। बुधवार को अस्पताल खुला तो ओपीडी में जांच और उपचार के लिए पंजीकरण काउंटर पर मरीजों की लंबी लाइन लग गई। दिनभर में सैकड़ों मरीजों ने अपना पंजीकरण कराया। यह इस साल की अब तक की सबसे ज्यादा ओपीडी है। डॉ. बीपी सिंह का कहना है कि मौसम में परिवर्तन के साथ बीमारियां बढ़ती हैं। परिवर्तन के साथ ही हवा में मौजूद वैक्टीरिया और वायरस शरीर पर तेजी से हमला करते हैं। इनकी चपेट में सबसे पहले कमजोर इम्युनिटी वाले लोग आते हैं। इन दिनों बुखार, सीने में दर्द और पेट का दर्द की शिकायतें लेकर मरीज पहुंच रहे हैं।

शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ प्रदीप गुप्ता का कहना है कि मौसम में परिवर्तन का असर बच्चों पर सबसे ज्यादा और जल्दी पड़ता है। ऐसे में जरूरी है कि बच्चों का विशेष ख्याल रखें। उन्हें सीधे हवा के संपर्क में ले जाने से बचें। इम्युनिटी बेहतर रखने को सभी प्रकार की दालें, सब्जियां और अन्य खाद्य पदार्थ दें। जो सुविधाएं हैं, उनकी मदद से हम मरीजों को बेहतर उपचार देने का प्रयास कर रहे हैं। सभी प्रकार की दवाएं पर्याप्त मात्रा में हमारे पास उपलब्ध हैं। कोशिश है कि किसी भी मरीज को रेफर न करना पडे़।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular